14 अप्रैल को दिल्ली देहरादून एक्सप्रेस-वे पीएम मोदी जनता को समर्पित करेंगे,
लेकिन उससे पहले ही एक्सप्रेस-वे पर हादसा
14 अप्रैल मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे, लेकिन उससे पहले इस एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा हो गया है । रविवार शाम को डाट काली मंदिर से करीब दो किमी पहले एलिवेटेड सेक्शन पर सिलेंडरों से भरा ट्रक अचानक बेकाकू होकर आगे चल रही कार से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि इसके बाद पीछे आ रहे तीन अन्य वाहन भी एक के बाद एक आपस में भिड़ गए।
गनीमत रही कि इस भीषण टक्कर में कोई जनहानि नहीं हुई। एक बच्चे को मामूली चोट आई, जिसे परिजन तत्काल इलाज के लिए देहरादून के अस्पताल ले गए। हादसे के बाद दिल्ली जाने वाले मार्ग को फिर से खोल दिया गया है।
बताया जा रहा है कि आगे चल रही कार ने अचानक ब्रेक लगाए थे, जिस कारण पीछे आ रहा ट्रक आगे वाली कार से टकरा गया। इसके बाद पीछे से आ रहे अन्य वाहन भी इसी तरह आपसा में टकराते रहे। पीएम मोदी के प्रोग्राम से एक दिन पहले हुए इस हादसे से उत्तराखंड और यूपी पुलिस में हड़कंप मच गया था। तत्काल पुलिस टीमें मौके पर पहुंची और हाईवे को दुरुस्त किया।
जानकारी के अनुसार, पीएम मोदी सहारनपुर जिले के गणेशपुर गांव से दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे। इसलिए 14 अप्रैल शाम तक दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे को अस्थायी रूप से बंद किया है। इसके लिए पुलिस ने नया रूट प्लान भी जारी किया है।
देहरादून से दिल्ली-सहारनपुर और रुड़की आने-जाने वाले यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। देहरादून एसपी ट्रैफिक लोकजीत सिंह ने आम जनता से अपील की है कि कि वे घर से निकलने से पहले नया रूट प्लान जरूर देखें और केवल निर्धारित डायवर्जन मार्गों का ही उपयोग करें।भारी वाहनों के लिए भी यही नियम लागू किया गया है, ताकि शहर में ट्रैफिक का दबाव नियंत्रित रखा जा सके।
देहरादून शहर क्षेत्र से सहारनपुर-रुड़की-दिल्ली जाने वाले वाहन के लिए रूट प्लान-
शिमला बाईपास तिराहा-नयागांव रोड-धर्मावाला चौक-बेहट होकर अपने गंतव्य को जाएंगे।
रिस्पना पुल-जोगीवाला- लालतप्पड़-रायवाला-हरिद्वार होकर वाहन गुजरेंगे।
देहरादून शहर से छुटमलपुर-बिहारीगढ़ जाने वाले वाहनों के लिए रूट प्लान-
शिमला बाईपास तिराहा-नयागांव रोड-धर्मावाला चौक-शाकुंबरी देवी-छुटमलपुर से अपने गंतव्यों तक जाएंगे.
दिल्ली-सहारनपुर-रुड़की-छुटमलपुर से देहरादून/मसूरी आने वाले वाहनों के लिए रूट-
छुटमलपुर-बेहट-धर्मावाला चौक-प्रेमगनर-ठाकुरपुर हाईवे-प्रेमनगर चौक-बल्लुपूर चौक से अपने गंतव्यों के लिए जाएंगे।
दोपहिया और धीमी गति के वाहनों पर प्रतिबंध: एक्सप्रेसवे के एलिवेटेड सेक्शन पर सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बड़ा निर्णय लिया गया है। अब दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। इसके साथ ही ऑटो, ट्रैक्टर और अन्य गैर मोटर चालित वाहनों को भी प्रतिबंधित श्रेणी में रखा गया है।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर नियम आज से ही लागू करने के लिए कहा है। लिहाजा देहरादून से भी ऐसे वाहनों को एक्सप्रेस-वे पर जाने से रोका जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम तेज रफ्तार और हाई-स्पीड ट्रैफिक को सुरक्षित बनाए रखने के लिए उठाया गया है।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे न सिर्फ उत्तराखंड की राजधानी से देश की राजधानी के बीच का समय कम करेगा, बल्कि विकास का नई रफ्तार भी देगा। क्योंकि जहां पहले देहरादून से दिल्ली के बीच 6 से सात घंटे लगते थे, तो वहीं अब ये समय घटकर 2.30 घंटे का हो जाएगा। इस एक्सप्रेव के कारण देहरादून और मसूरी जैसे जगहों पर लोगों की पहुंच आसान होगी। हालांकि, कुछ देहरादून में ट्रैफिक का दबाव बढ़ने की चुनौती भी रहेगी।

