महानगर की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए महानगर कांग्रेस के नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम के आयुक्त से मुलाकात कर उन्हें महानगर की समस्याओं को गिनाते हुए ज्ञापन सौंपा और समस्याओं के समाधान की मांग की है।
यहां महानगर कांग्रेस कमेटी के पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम आयुक्त से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में लालचन्द शर्मा ने कहा कि संज्ञान में आया है कि देहरादून में खानपान जरूरत से जुड़ी चीजों के साथ ही तमाम कंपनियां शहर में ऑनलाइन कंपनी बिजनेस कर रही है और इन कंपनियों के शहर में जगह-जगह गोदाम और वितरण केंद्र है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि सबसे पहले इन बड़ी ऑनलाइन कंपनियों के दफ्तरों और गोदामों पर नियम के तहत ट्रेड शुल्क लगाया जाए और इस समय यह सभी कंपनियां नगर निगम से बिना पंजीकरण हुए काम कर रही है। इस वजह से नगर निगम को हर साल भारी राजस्व का नुकसान हो रहा है। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का यह भी कहना है कि शहर में कई जगह स्ट्रीट लाइट बंद है। उनका कहना है कि बरसात से तमाम जगह सड़के खराब है।
उन्होंने ज्ञापन में कहा है कि पथ प्रकाश व्यवस्था बंद होने के चलते रात को अंधेरा होने के चलते राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि शहर की पथ प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त की जाए। उनका कहना है कि विगत कुछ महीने पूर्व नेशविला रोड से डस्टबिन हटाया गया था, नगर निगम ने अच्छा काम किया था, लेकिन अब इस डस्टबिन के हटने से इसके बैक साइड में लोग कूड़ा डाल रहे हैं और जिससे वहां अवैध तरीके से कूड़ाघर बन गया है और इस तरह के उदाहरण और जगह भी हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों पर सख्ती कर यहां पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जाए। इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि एलिवेटेड रोड़ के नाम पर मलिन बस्तीवासियों का उत्पीड़न बंद किया जाये और एलिवेटेड रोड़ बनाने से पूर्व सभी प्रभावित लोगों का पुनर्वास किया जाये। उन्होंने कहा कि बिंदाल नदी किनारे निर्माण को लेकर नगर निगम ने सर्वे किया था, जिसके बाद अब इन अवैध निर्माण को तोड़ने की योजना है।
उन्होंने कहा कि इन अवैध निर्माण को तोड़ने से पहले इन लोगों का पुनर्वास किया जाए। अन्यथा कांग्रेस इसके लिए पुरजोर तरीके से आंदोलन चलायेगा। कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम आयुक्त से मांग की है कि 2025 के नगर निगम बोर्ड गठन के बाद अभी तक वार्डों में खुली नालियों पर स्लैब की व्यवस्था नहीं हो पाई है और प्रत्येक वार्ड में नालों के ऊपर स्लैब की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। इस अवसर पर अनेक कांग्रेसी उपस्थित रहे।


