उत्तराखंड राज्य की रजत जयंती पर होने जा रहे दो दिवसीय विशेष सत्र को लेकर भाजपा ने इसे ऐतिहासिक, गौरवशाली और गरिमामय मंच बताते हुए सभी राजनैतिक दलों से इसमें सकारात्मक सहभागिता की अपील की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि यह सत्र दलगत राजनीति से ऊपर उठकर राज्य की 25 वर्षों की यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य की दिशा तय करने का अवसर है।
मीडिया से बातचीत में भट्ट ने कहा कि 2000 से अब तक उत्तराखंड की तरक्की में सभी सरकारों और दलों की भूमिका रही है, पर सबसे बड़ा योगदान जनता का है। इसी भावना के साथ यह विशेष सत्र प्रदेश की जनता को समर्पित होगा, जहां नीतिगत विमर्श के माध्यम से तय किया जाएगा कि आगे राज्य के लिए क्या और बेहतर किया जा सकता है।
उन्होंने विपक्ष की आलोचनात्मक बयानबाजी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जो लोग गैरसैण सत्र को लेकर चिंता जता रहे हैं, उन्हें याद रखना चाहिए कि उनके कार्यकाल में विधायक वहां कंबल ओढ़कर सदन में सोते देखे गए थे। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विषयों के लिए अन्य सत्र पर्याप्त हैं, लेकिन यह विशेष सत्र प्रदेश हित में होना चाहिए।
भट्ट ने विपक्ष से आग्रह किया कि इस गौरवशाली अवसर को नकारात्मक राजनीति की भेंट न चढ़ाएं और सभी दल रजत जयंती की गरिमा को बरकरार रखते हुए राज्य के भविष्य के लिए एक सकारात्मक दिशा निर्धारित करें।

