HomeDehradunहल्द्वानी में विकास कार्य दोगुनी क्षमता से पूरा करने के निर्देश

हल्द्वानी में विकास कार्य दोगुनी क्षमता से पूरा करने के निर्देश

एडीबी वित्त पोषित हल्द्वानी परियोजना के तहत उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी (यूयूएसडीए) द्वारा चलाए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा शनिवार को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कैंप कार्यालय हल्द्वानी में की। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माणाधीन कार्यों को दोगुनी क्षमता मशीन, मटेरियल और मैनपॉवर से पूरा किया जाए ताकि जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क कहीं अधिक समय तक खुदी नहीं रहनी चाहिए और तुरंत उसकी मरम्मत कराई जाए। साथ ही नगर में पूर्व में किए गए चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटाने के कार्य योजना अनुसार पूरी तरह संपन्न किए जाएं। उन्होंने देवखड़ी नाले से मलवा निस्तारण और अतिक्रमण हटाने के संबंध में वन विभाग के साथ समन्वय स्थापित करने तथा कानूनी दायरे में रहते हुए कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में यूयूएसडीए के परियोजना अधिकारी कुलदीप सिंह ने प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि 740 किलोमीटर के लक्ष्य में से 346 किलोमीटर पेयजल लाइन बिछाई जा चुकी है। 122 किलोमीटर में से 54 किलोमीटर सीवरेज लाइन बिछ चुकी है। 108 किलोमीटर सड़क का काम पूरा हो चुका है, 90 किलोमीटर में काम प्रगति पर है और 100 किलोमीटर कार्य शेष है, जो फरवरी 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा 6 ओवरहेड टैंकों का निर्माण प्रगति पर है, 6 ट्यूबवैल बनाए जा चुके हैं, और 5 में काम तेजी से चल रहा है। एसटीपी में 20 प्रतिशत कार्य पूर्ण हुआ है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि कार्यों में कोई भी देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या के मामले में तुरंत उन्हें और अपर जिलाधिकारी को अवगत कराया जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक राय, शैलेंद्र नेगी, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, उप जिलाधिकारी राहुल शाह समेत यूयूएसडीए, लोक निर्माण विभाग, पेयजल, जल संस्थान, विद्युत और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular