HomeDehradunहर महीने के पहले मंगलवार को होगी शासन-जनपद समन्वय बैठक 

हर महीने के पहले मंगलवार को होगी शासन-जनपद समन्वय बैठक 

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन के निर्देश,

जिलों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराने पर जोर

देहरादून। जनपद स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं के त्वरित निस्तारण और शासन एवं जिलों के अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए अब हर महीने के पहले मंगलवार को समन्वय बैठक आयोजित की जाएगी। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने इसके लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से होगी, जिसमें जिलाधिकारियों द्वारा शासन स्तर पर विभागीय समन्वय या निर्णय की आवश्यकता वाले मामलों को संबंधित विभागों के सामने रखा जाएगा।

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि जिलों से चिन्हित किए गए समस्याओं एवं प्रकरणों की जानकारी बैठक से पहले संबंधित विभागों को उपलब्ध कराई जाए। इससे विभागीय अधिकारी आवश्यक जानकारी और कार्रवाई की तैयारी के साथ बैठक में शामिल हो सकेंगे। बैठक में संबंधित जनपद और विभाग के अधिकारियों के साथ प्रकरणों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी और यथासंभव मौके पर ही उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।

मुख्य सचिव ने कहा कि इस व्यवस्था का उद्देश्य जनपद स्तर से शासन तक पहुंचने वाले मामलों के समाधान में होने वाली अनावश्यक देरी को समाप्त करना है। साथ ही शासन और जिलों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित कर आमजन से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाना है।

उन्होंने सभी सचिवों को निर्देश दिए कि जनपदों से प्राप्त प्रकरणों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए और विभागीय स्तर पर अनावश्यक लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिलों की समस्याओं के समाधान के लिए शासन स्तर पर आवश्यक निर्णय और विभागीय समन्वय समयबद्ध तरीके से होना चाहिए।

समन्वय बैठक की नई व्यवस्था के तहत जिलाधिकारी अपने-अपने जनपदों की उन प्रमुख समस्याओं और प्रकरणों को सामने रखेंगे, जिनका समाधान स्थानीय स्तर पर संभव नहीं है और जिनमें शासन स्तर पर निर्णय अथवा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की आवश्यकता है। इससे जिलों से आने वाले महत्वपूर्ण मामलों के लिए एक नियमित और प्रभावी मंच उपलब्ध होगा।

बैठक में प्रमुख सचिव एल. फैनई, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, सचिव शैलेश बगौली, नितेश कुमार झा, दिलीप जावलकर, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, चंद्रेश कुमार यादव, डॉ. वी. षणमुगम, डॉ. आर. राजेश कुमार, विनोद कुमार सुमन, ज्योति यादव, रणवीर सिंह चौहान, धीराज सिंह गर्ब्याल और राजेंद्र कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular