Monday, December 8, 2025
spot_img
HomeDehradunस्वामी राम जी की 29वीं पुण्यतिथि पर राज्यपाल ने दी श्रद्धांजलि

स्वामी राम जी की 29वीं पुण्यतिथि पर राज्यपाल ने दी श्रद्धांजलि

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने गुरुवार को जौलीग्रांट स्थित स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय में स्वामी राम जी की 29वीं पुण्यतिथि पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने स्वामी राम जी को श्रद्धांजलि अर्पित की और कर्नाटक की सुमंगली सेवा आश्रम की अध्यक्ष डॉ. एस. जी. सुशीलम्मा को स्वामी राम मानवता पुरस्कार-2025 से सम्मानित किया।
राज्यपाल ने कहा कि स्वामी राम जी केवल एक संत या योगी नहीं, बल्कि मानवता के पुजारी और सेवा, साधना तथा समर्पण के प्रतीक थे। उन्होंने अपने जीवन से यह सिद्ध किया कि योग केवल साधना का नहीं, बल्कि समाज निर्माण का मार्ग है। स्वामी जी ने विज्ञान और अध्यात्म का अद्भुत समन्वय कर मानव कल्याण की दिशा में मिसाल पेश की।
राज्यपाल ने कहा कि स्वामी राम जी का विश्वास था कि स्वास्थ्य सेवा, मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। डॉक्टर भगवान का प्रतिरूप होता है। आज स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय इसी विचारधारा को आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने स्वामी राम जी द्वारा स्थापित रूरल डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट की सराहना करते हुए कहा कि संस्था ने हजारों गाँवों में स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता और आत्मनिर्भरता की अलख जगाई है।
युवाओं का आह्वान करते हुए राज्यपाल ने कहा कि वे रोजगार खोजने वाले नहीं, बल्कि रोजगार सृजन करने वाले बनें। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उद्यमिता, नवाचार और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में युवाओं को आगे आना होगा।
राज्यपाल ने कहा कि जब देश विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है, तब उत्तराखण्ड को विकसित उत्तराखण्ड बनाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. विजय धस्माना, कुलपति डॉ. राजेन्द्र डोभाल, स्वामी ऋतावन भारती, स्वामी राम साधक सेवा आश्रम ऋषिकेश के प्रमुख, डॉ. मोहन स्वामी सहित देश-विदेश से आए अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular