उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार, 13 अक्टूबर को जनपद नैनीताल के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे आत्मनिर्भर भारत व स्वदेशी संकल्प पर आयोजित कार्यक्रमों और कुमाऊं द्वार महोत्सव में भाग लेंगे।
अपर जिलाधिकारी नैनीताल ने बताया कि मुख्यमंत्री दोपहर 2:55 बजे देहरादून के जीटीसी हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान कर 3:45 बजे गौलापार हेलीपैड (काठगोदाम) पहुंचेंगे। यहां से वे सीधे 4:00 बजे सूर्यादेवी बैंक्वेट हॉल, खेड़ा चौराहा (गौलापार) पहुंचकर आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी संकल्प विषय पर आयोजित सोशल मीडिया प्रभारियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं के विचार गोष्ठी में प्रतिभाग करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री गौलापार सर्किट हाउस जाएंगे, जहां अल्प विश्राम के उपरांत वे सायं 7:15 बजे कार द्वारा एम. बी. पी. जी. कॉलेज, हल्द्वानी को प्रस्थान करेंगे और वहां आयोजित कुमाऊं द्वार महोत्सव-2025 में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम समाप्ति के बाद मुख्यमंत्री रात्रि 8:30 बजे वापस गौलापार स्थित सर्किट हाउस लौटेंगे, जहां रात्रि विश्राम करेंगे।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद कर दी गई है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं व आम जनता के शामिल होने की संभावना है।


