देहरादून। राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के प्रति कांग्रेस नेतृत्व द्वारा कथित रूप से दिखाई गई असहिष्णुता और अनादर के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) देहरादून के कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकाला। युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने महानगर भाजपा कार्यालय से कनक चौक तक कैंडल मार्च निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया। मार्च का नेतृत्व युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष कुलदीप पंत ने किया।
इस दौरान कुलदीप पंत ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की राष्ट्रभक्ति, त्याग और बलिदान की भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान इस गीत ने देशवासियों में मातृभूमि के प्रति समर्पण और स्वाभिमान की भावना को मजबूत करने का काम किया।
उन्होंने कहा कि भाजयुमो के लिए ‘वंदे मातरम्’ भारत माता के प्रति श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक है। इसके प्रति किसी भी प्रकार का अनादर स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रभक्तों के बलिदान का अपमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं द्वारा ‘वंदे मातरम्’ के प्रति जिस प्रकार का व्यवहार किया गया, उससे देश का युवा आहत है।
कुलदीप पंत ने कहा कि राष्ट्रगीत और राष्ट्र की अस्मिता के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा राष्ट्रवादी भावनाओं और राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान के लिए आगे भी मजबूती से आवाज उठाता रहेगा।
कैंडल मार्च में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हरीश डोरा, महानगर भाजपा महामंत्री संदीप मुखर्जी, महानगर उपाध्यक्ष ओम कक्कड़, महानगर मंत्री जगदीश सेमवाल, समीर डोभाल, अनुसूचित मोर्चा महानगर अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार, सोशल मीडिया संयोजक महिपाल सिंह, सह-संयोजक विजय जयपुरिया, भाजपा मंडल अध्यक्ष उज्ज्वल नेगी, युवा मोर्चा प्रदेश कार्यालय मंत्री विमल चौधरी, महानगर महामंत्री सौरभ शर्मा, मंडल अध्यक्ष नीरज रतूड़ी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

