उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि दीपावली का यह पर्व अंधकार से प्रकाश और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। राज्यपाल ने प्रार्थना की कि दीपों की यह पावन ज्योति हर जीवन में ज्ञान, आनंद और समृद्धि का प्रकाश फैलाए।
गोवर्धन पूजा के संदर्भ में राज्यपाल ने कहा कि यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण की करुणा, प्राकृतिक संसाधनों के प्रति श्रद्धा और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक है। उन्होंने आमजन से प्रकृति के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने और संरक्षण में योगदान देने का आग्रह किया।
भैया दूज के अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि यह पर्व भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और आत्मीयता का प्रतीक है। ऐसे पर्व हमारे सामाजिक संबंधों को मजबूत करते हैं और एकता व प्रेम का संदेश देते हैं।
राज्यपाल ने अंत में सभी प्रदेशवासियों के सुख, शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि इन पर्वों की उज्ज्वलता हर व्यक्ति के जीवन में नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार करे।


