मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीपावली के पावन अवसर पर देहरादून स्थित चकराता रोड की स्थानीय दुकानों से मिट्टी के दीये, बर्तन एवं अन्य पारंपरिक स्वदेशी वस्तुओं की खरीदारी की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय कुम्हारों और हस्तशिल्पकारों से बातचीत कर उनकी कला और मेहनत की सराहना की तथा उन्हें पारंपरिक कलाओं को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया।
मुख्यमंत्री ने डिजिटल भुगतान (यूपीआई) के माध्यम से खरीदारी करते हुए आम जनता से भी अपील की कि वे इस दीपावली पर ज्यादा से ज्यादा स्थानीय और स्वदेशी उत्पाद खरीदें, ताकि छोटे व्यवसायी, कारीगर और स्वावलंबी भारत की दिशा में देश को मजबूत किया जा सके।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा,
दीपावली का पर्व प्रकाश और समृद्धि का प्रतीक है। इस शुभ अवसर पर हमें अपने देश के कारीगरों और स्थानीय उद्यमियों को प्रोत्साहित करना चाहिए। स्वदेशी उत्पादों की खरीद न केवल हमारी परंपरा को जीवित रखती है, बल्कि ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को भी सशक्त बनाती है।
दीपावली की खरीदारी के दौरान मुख्यमंत्री ने दुकानदारों से बातचीत की, जहां व्यापारियों ने बताया कि इस वर्ष जीएसटी की कम दरों के कारण सामान सस्ता हुआ है और बिक्री में पिछले वर्षों की तुलना में वृद्धि देखी गई है। इस पर मुख्यमंत्री ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह बदलाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वदेशी अपनाओ’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ के आह्वान का सकारात्मक परिणाम है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि इस दीपावली अपने घरों को स्वदेशी मिट्टी के दीयों से सजाएं और भारतीय संस्कृति एवं परंपरा की खुशबू को अपने उत्सवों में शामिल करें।
मुख्यमंत्री की इस पहल से स्थानीय व्यापारियों और कुम्हारों में उत्साह और हर्ष का माहौल देखने को मिला।

