Saturday, March 7, 2026
spot_img
HomeDehradunधस्माना बोले:युवाओं से माफी मांगे सरकार और भाजपा, कब होगी सीबीआई जांच...

धस्माना बोले:युवाओं से माफी मांगे सरकार और भाजपा, कब होगी सीबीआई जांच और कब होंगे मर्तोलिया बर्खास्त?

उत्तराखंड में यूके ट्रिपल एससी परीक्षा पेपर लीक मामले में पेपर रद्द किए जाने के सरकार के फैसले के बाद अब सियासत और गरमा गई है। प्रदेश कांग्रेस ने एक बार फिर सरकार और भाजपा पर जोरदार हमला बोला है। राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने सरकार से तीखे सवाल पूछते हुए कहा कि “केवल पेपर रद्द करने से बात नहीं बनेगी, सरकार बताए सीबीआई जांच कब शुरू होगी और पेपर लीक के जिम्मेदार यूके ट्रिपल एससी अध्यक्ष गणेश मर्तोलिया को कब बर्खास्त किया जाएगा?
धस्माना ने आरोप लगाया कि सरकार और भाजपा ने पेपर लीक के खिलाफ आवाज़ उठाने वाले युवाओं को बदनाम करने की साजिश रची और उन्हें अर्बन नक्सल, देशद्रोही, सनातन विरोधी और नकल जिहादी जैसे शब्दों से नवाज़ा। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है जब सरकार को इन युवाओं से कान पकड़कर माफी मांगनी चाहिए।
धस्माना ने कांग्रेस की तीन प्रमुख मांगों को दोहराते हुए कहा कि सीबीआई जांच हाईकोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में होनी चाहिए। यूके ट्रिपल एससी अध्यक्ष गणेश मर्तोलिया को तुरंत पद से हटाया जाए। आंदोलनरत युवाओं को बदनाम करने के लिए भाजपा और सरकार माफी मांगे।
उन्होंने यह भी कहा कि अगर सरकार ने जल्द इन मांगों पर अमल नहीं किया तो कांग्रेस राज्यव्यापी आंदोलन को और तेज करेगी।
केदारनाथ में वीवीआईपी दर्शन घोटाले पर भी साधा निशाना
पत्रकारों द्वारा केदारनाथ में वीवीआईपी श्रद्धालुओं से पैसे लेकर विशेष दर्शन करवाने के पंडा-पुरोहित समाज के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए धस्माना ने कहा, “यह भगवान के दरबार में रिश्वतखोरी का मामला है। आम श्रद्धालु परेशान हैं और सुविधाएं बदहाल हैं। हम इस मुद्दे पर भी मुख्यमंत्री से बात करेंगे।
कांग्रेस नेताओं की उपस्थिति
प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस श्रम विभाग अध्यक्ष दिनेश सिंह कौशल, नेता लखी राम बिजलवान, गुल मोहम्मद और संतोष नैनवाल भी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular