देहरादून। आजाद नगर क्षेत्र में 22 वर्षीय युवक इफ्तिकार की हत्या से सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पुरानी रंजिश के चलते युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया। घटना बीती रात करीब नौ बजे की बताई जा रही है, जबकि परिजनों को इसकी जानकारी रात करीब 11 बजे मिली। बताया जा रहा है कि इफ्तिकार और आरोपी सभी एक-दूसरे के पड़ोसी और परिचित थे। आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर विवाद के बाद कई युवकों ने मिलकर इफ्तिकार पर हमला किया। घटना के बाद आरोपी उसे पहले कार्नेशन और फिर इंद्रेश अस्पताल ले गए, जहां उसे भर्ती कराने के बाद फरार हो गए।
मामले में पुलिस ने अनस, जावेद, आरिश, कैफ समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी दी है। पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। वहीं, घटना में इस्तेमाल हथियार और हमले की परिस्थितियों को लेकर भी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पांच महीने पहले भी फायरिंग का आरोप
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, करीब पांच महीने पहले भी आरोपियों से जुड़े लोगों पर पड़ोस में फायरिंग करने का आरोप लगा था। उस समय मामला समझौते के बाद समाप्त होने की बात सामने आ रही है। अब युवक की हत्या के बाद पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं कि पिछली घटना में कड़ी कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वहां से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर भी जांच कर रही है।
इफ्तिकार की मौत के बाद परिजनों में आक्रोश है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

