HomeCrimeफर्जी दस्तावेज तैयार कर 1.65 करोड़ की धोखाधड़ी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

फर्जी दस्तावेज तैयार कर 1.65 करोड़ की धोखाधड़ी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। देहरादून पुलिस ने संपत्ति के फर्जी दस्तावेज तैयार कर 1 करोड़ 65 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले से बेची जा चुकी संपत्ति के कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उसे दोबारा बेच दिया था।

पुलिस के अनुसार 24 मई 2026 को विनोद प्रकाश अग्रवाल निवासी बलवीर रोड, देहरादून ने कोतवाली नगर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि संजय जैन और उसके साथियों ने हरिद्वार रोड स्थित अरिहंत टावर की पांचवीं मंजिल पर स्थित संपत्ति के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उन्हें बेच दिया और उनसे 1 करोड़ 65 लाख रुपये हड़प लिए।

जांच के दौरान शिकायतकर्ता को पता चला कि उक्त संपत्ति पहले ही वर्ष 2024 में निशांत गर्ग को बेची जा चुकी थी। मामले में कोतवाली नगर में मुकदमा संख्या 190/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने साक्ष्य जुटाते हुए कार्रवाई तेज की और 29 मई 2026 को नामजद आरोपी संजय जैन को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी हरिद्वार में लगेज बैग बनाने की फैक्ट्री थी, जिसे लगातार घाटा होने के कारण उस पर भारी कर्ज हो गया था। कर्ज चुकाने के लिए उसकी पत्नी रितु जैन ने वर्ष 2024 में अरिहंत टावर स्थित संपत्ति को तीन अलग-अलग सेल डीड के माध्यम से निशांत गर्ग को बेच दिया था। इसके बावजूद आर्थिक संकट दूर नहीं होने पर आरोपी और उसके साथियों ने उसी संपत्ति के फर्जी दस्तावेज तैयार किए और वर्ष 2025 में उसे दोबारा विनोद प्रकाश अग्रवाल को 1 करोड़ 65 लाख रुपये में बेच दिया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में इस धोखाधड़ी में शामिल अन्य सहयोगियों के नाम भी सामने आए हैं। उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है। देहरादून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भूमि और संपत्ति से जुड़े धोखाधड़ी के मामलों में संलिप्त भू-माफियाओं के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular