राजधानी में पुलिस एक केस सुलझा भी नहीं पाती कि दूसरी आपराधिक घटना सामने आ जाती है।जनपद में क्राइम रेट कम होने के बजाय बढ़ता जा रहा है। देहरादून के बसंत विहार थाना इलाके से एक नया मामला सामने आया है। पुलिस के पास एक शख्स की गुमशुदमी रिपोर्ट हुई। जांच की गई तो पता चला कि व्यक्ति की मौत हो गई है। नशे में धुत तीन युवकों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी और उसकी लाश को हरिद्वार में ठिकाने लगा दिया।
11 फरवरी को संतराम धीमान निवासी शास्त्री नगर बसंत विहार ने थाने को सूचना दी थी कि उनका 28 साल का बेटा दिगंबर धीमान 9 फरवरी को घर से बिना बताए कहीं चला गया, जिसको उन्होंने काफी तलाश किया गया, लेकिन उसके सम्बन्ध में कोई जानकारी प्राप्त नहीं हो पाई। थाना बसंत विहार पुलिस ने संतराम धीमान की तहरीर पर दिगंबर धीमान की गुमशुदगी दर्ज की।
पुलिस की जांच की तो पता चला कि दिगंबर धीमान के खिलाफ 2021 में पॉक्सो एक्ट का मुकदमा दर्ज है। इसके बाद पुलिस ने पिता संतराम धीमान से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि 9 फरवरी को दिगंबर धीमान उनके साथ ही कोर्ट में पेशी पर गया था। कोर्ट से अगली तारीख मिलने के बाद दिगंबर धीमान ने अपने पिता को घर भेज दिया था और खुद कुछ देर बाद आने के लिए कहा था, लेकिन उसके बाद वो वापस नहीं आया।
इसके बाद पुलिस ने दिगंबर धीमान की मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड निकाली तो कुछ लोगों के बारे में जानकारी मिली। पुलिस ने उन लोगों के बारे में पता किया तो पता चला कि वो लोग अक्सर दिगंबर धीमान से साथ नशा करते है और वो भी दिगंबर धीमान के गायब होने के बाद से ही लापता चल रहे है।
पुलिस की जांच आगे बढ़ी तो पता चला कि 9 फरवरी की रात दिगंबर धीमान का साथी हेमन्त सेमवाल अपने घर से टैक्सी के जरिए कही गया था। इसके बाद पुलिस ने टैक्सी के बारे में जानकारी जुटाई और इलाके के सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला। उसी आधार पर आज 17 फरवरी को पुलिस ने टैक्सी चालक राजनन्दन को हिरासत में लिया। राजनन्दन से जब पूछताछ की गई तो उसने पुलिस को बताया कि हेमन्त सेमवाल और उसके साथी एक व्यक्ति के शव को कम्बल में लपेटकर ले गये थे, जिसे उन्होंने चिडियापुर के जंगलों में ले जाकर रेत में दबा दिया और उसकी टैक्सी से वापस देहरादून आ गये थे। रास्ते में आरोपियों ने उसे बताया था कि शराब के नशे में हुए विवाद में उनके द्वारा बेसबॉल बैट से गलती से मृतक के सर पर चोट मार दी, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
टैक्सी ड्राइवर की निशानदेही पर पुलिस ने गुमशुदा दिगम्बर धीमान के शव को चिडियापुर के जंगल से बरामद किया। शव को छिपाने में संलिप्तता पाये जाने पर टैक्सी चालक राजनन्दन को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल अन्य आरोपी फरार चल रहे है, जिनकी तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें लगी हुई है।


