HomeCrimeदून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, स्कॉर्पियो से ₹1.55 करोड़ कैश बरामद

दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, स्कॉर्पियो से ₹1.55 करोड़ कैश बरामद

देहरादून। दून पुलिस को वाहन चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। कैंट थाना पुलिस ने राजेंद्र नगर कौलागढ़ क्षेत्र में चेकिंग के दौरान महाराष्ट्र नंबर की एक संदिग्ध स्कॉर्पियो से लगभग ₹1.55 करोड़ की नगद धनराशि बरामद की है। पुलिस के अनुसार बरामद नकदी वाहन में बनाए गए एक सीक्रेट केबिन में छुपाकर रखी गई थी। मामले में आयकर विभाग की टीम गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक 15 मई 2026 को सिरमौर मार्ग पर वाहन चेकिंग के दौरान MH12XT 3245 नंबर की महिंद्रा स्कॉर्पियो को रोका गया। वाहन चालक ने अपना नाम सतीश भाई निवासी मेहसाणा, गुजरात बताया। उसके साथ वाहन में जसवंत सिंह और सचिन पटेल नामक दो अन्य व्यक्ति भी मौजूद थे।
वाहन के दस्तावेज मांगने पर चालक संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया, जिस पर पुलिस को संदेह हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर चालक ने वाहन में भारी मात्रा में नकदी होने की जानकारी दी। पुलिस ने उच्चाधिकारियों और आयकर विभाग को सूचना दी। आयकर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो की बीच और पिछली सीट के बीच बने सीक्रेट केबिन से लगभग ₹1 करोड़ 55 लाख नकद बरामद हुए। पूछताछ में वाहन चालक बरामद धनराशि से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया। चालक ने बताया कि वह यह रकम बनारस से लेकर आया था और उसे वाहन में मौजूद जसवंत को देना था।
फिलहाल आयकर विभाग तीनों व्यक्तियों से पूछताछ कर बयान दर्ज कर रहा है। बरामद धनराशि का आकलन भी किया जा रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई आयकर विभाग द्वारा की जाएगी। पुलिस ने संबंधित स्कॉर्पियो वाहन को सीज कर दिया है। कार्रवाई में क्षेत्राधिकारी नगर स्वप्निल मुयाल, कैंट प्रभारी निरीक्षक शंकर सिंह बिष्ट, चौकी प्रभारी विनयता चौहान सहित पुलिस टीम शामिल रही।
वहीं आयकर विभाग की ओर से सहायक आयकर निदेशक पंकज खत्री, आयकर निरीक्षक शशांक पाल और कमलेश पंत ने मौके पर जांच की।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular