नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का दून पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए मेरठ के एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह रही कि चोरी की इस घटना को अंजाम देने वाला व्यक्ति वादी का परिचित निकला, जिसने बातचीत के दौरान कार में रखे कीमती सामान की जानकारी जुटाई और बाद में एक साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार 15 सितंबर को प्रमोद त्यागी निवासी अशोक विहार ने थाना नेहरू कॉलोनी में शिकायत दी थी कि घर के बाहर खड़ी कार से नगदी और सोने-चांदी के सिक्के चोरी हो गए हैं। इस धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अजय सिंह के निर्देश पर गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। 29 सितंबर की रात, आशारोड़ी टनल, डाट काली मंदिर के पास से मुख्य अभियुक्त विनय त्यागी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी का माल और इंडेवर कार यूके-17- के-7248 बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि प्रमोद त्यागी उसका जानकार है और वह अक्सर उनके घर आता-जाता था। बातचीत के दौरान उसे कार में कीमती सामान रखे होने की जानकारी मिली। इसके बाद उसने मौके का फायदा उठाकर अपने साथी के साथ मिलकर कार का शीशा तोड़कर चोरी को अंजाम दिया। अभियुक्त से लगभग 4 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के सिक्के,
15,000 रुपये नगद, वारदात में प्रयुक्त इंडेवर कार बरामद की गई।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि विनय त्यागी एक कुख्यात अपराधी है, जिसके खिलाफ मेरठ, मुजफ्फरनगर, हरिद्वार और देहरादून में 38 से अधिक गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या, डकैती, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और गुंडा एक्ट शामिल हैं।
गिरफ्तार अभियुक्त का नाम विनय त्यागी, पुत्र सेवाराम त्यागी
निवासी ग्राम खाई खेड़ी थाना पुरकाजी उत्तर प्रदेश
उम्र 57 वर्ष वर्तमान पता जागृति विहार सी-ब्लॉक मेरठ उत्तर प्रदेश है। गिरफ्तारी में शामिल पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रवीन पुंडीर, सिपाही श्रीकांत ध्यानी, बृजमोहन रावत, अर्जुन कुमार, विनोद बचकोटी, संदीप छाबड़ी शामिल है।
पुलिस का कहना है कि फरार साथी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा।


