दून पुलिस ने चार वर्षीय बालक की मौत के मामले में उसकी सौतेली मां को गिरफ्तार किया है। मामला कोतवाली डोईवाला क्षेत्र का है, जहां महिला द्वारा गुस्से में अपने सौतेले पुत्र को धक्का देने से बालक की मृत्यु हो गई थी।
घटना 27 अक्टूबर 2025 की सुबह की है। वादी राहुल कुमार, निवासी ग्राम बुल्लावाला, थाना डोईवाला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी पहली पत्नी के निधन के बाद उसने प्रिया पुत्री सुशील कुमार, निवासी अंबेडकर कॉलोनी, बड़ोवाला शिमला बाईपास रोड, देहरादून से दूसरी शादी की थी। पहली पत्नी से उसका चार वर्षीय पुत्र विवान उसके साथ रहता था।
वादी के अनुसार, ड्यूटी पर जाने के बाद उसकी पत्नी प्रिया ने गुस्से में विवान को धक्का दे दिया, जिससे वह फर्श पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय बच्चे की मृत्यु हो गई। वादी ने आरोप लगाया कि प्रिया पहले से ही बच्चे के साथ क्रूर व्यवहार करती थी और आए दिन उसे मारती-पीटती थी।
तहरीर के आधार पर मुकदमा धारा 105 बीएनएस (गैरइरादतन हत्या) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अजय सिंह ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने पड़ोसियों से पूछताछ की और जानकारी के आधार पर प्रिया को हिरासत में लिया। सख्त पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि गुस्से में उसने बच्चे को जोर से धक्का दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने अभियुक्ता प्रिया को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
गिरफ्तार अभियुक्ता अंबेडकर कॉलोनी बड़ोवाला शिमला बाईपास रोड देहरादून की निवासी है।
सफ़लता पाने वालीं पुलिस टीम में
वरिष्ठ उपनिरीक्षक विनोद सिंह राणा कोतवाली डोईवाला, उपनिरीक्षक राजनारायण व्यास, हेड कांस्टेबल सोनिका, रचना रावत शामिल है।


