Saturday, February 7, 2026
spot_img
HomeDehradunकयाकिंग और कैनोइंग के दूसरे दिन सर्विसेज का दबदबा, उत्तराखंड और ओडिशा...

कयाकिंग और कैनोइंग के दूसरे दिन सर्विसेज का दबदबा, उत्तराखंड और ओडिशा ने भी दिखाया दम

उत्तराखंड,

उत्तराखंड में चल रहे 38वें राष्ट्रीय खेल में कयाकिंग और कैनोइंग स्पर्धाओं के दूसरे दिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। विशेष रूप से 500 मीटर की विभिन्न श्रेणियों में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। सर्विसेज की टीम ने अपने शानदार प्रदर्शन से स्वर्ण पदकों की झड़ी लगा दी, जबकि उत्तराखंड और ओडिशा के खिलाड़ी भी पीछे नहीं रहे।

महिला वर्ग में कड़ा मुकाबला

महिला कैनोइंग (C-2, 500 मीटर) स्पर्धा में सर्विसेज की जोड़ी ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 02:04.233 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। ओडिशा की टीम ने 02:06.466 सेकंड में रेस पूरी कर रजत पदक हासिल किया, जबकि उत्तराखंड ने 02:08.149 सेकंड के समय के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।

वहीं, कयाकिंग (K-2, 500 मीटर) महिला वर्ग में उत्तराखंड की टीम ने शानदार गति दिखाते हुए 01:56.370 सेकंड में रेस पूरी कर स्वर्ण पदक जीता। मध्य प्रदेश की टीम ने 01:58.037 सेकंड में फिनिश लाइन पार कर रजत पदक अर्जित किया, जबकि ओडिशा ने 01:59.930 सेकंड के साथ कांस्य पदक पर कब्जा किया।

पुरुषों में सर्विसेज का दबदबा

पुरुष कैनोइंग (C-2, 500 मीटर) स्पर्धा में सर्विसेज के खिलाड़ियों ने एक बार फिर अपनी श्रेष्ठता साबित की। उन्होंने 01:47.811 सेकंड में रेस पूरी कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। ओडिशा की टीम ने 01:50.461 सेकंड के साथ रजत पदक जीता, जबकि दिल्ली(01:50.627) ने महज 0.166 सेकंड के अंतर से पीछे रहकर कांस्य पदक हासिल किया।

पुरुष कयाकिंग (K-2, 500 मीटर) स्पर्धा में भी सर्विसेज ने अपना जलवा बरकरार रखा। उन्होंने 01:36.287 सेकंड में रेस पूरी कर स्वर्ण पदक जीता। उत्तराखंड की टीम ने 01:38.284 सेकंड में फिनिश लाइन पार कर रजत पदक अर्जित किया, जबकि ओडिशा ने 01:38.897 सेकंड के समय के साथ कांस्य पदक पर कब्जा किया।

कयाकिंग और कैनोइंग के इन रोमांचक मुकाबलों के बाद अब प्रतियोगिता में और भी अधिक रोमांच देखने को मिलेगा। सर्विसेज की टीम अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखने के लिए तैयार है, जबकि उत्तराखंड और ओडिशा जैसी टीमें कड़ी चुनौती पेश कर रही हैं। कल आखिरी दिन में खेल प्रेमियों को और भी रोमांचक मुकाबलों का इंतजार रहेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular