देहरादून, देहरादून में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत चल रहे कार्यों की धीमी गति और अव्यवस्थाओं के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट सिटी कार्यालय में प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव एवं युवा नेता रितेश छेत्री के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर शहर की समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि बरसात के दौरान शहर के कई इलाकों में जलभराव, खराब ड्रेनेज व्यवस्था, जाम और क्षतिग्रस्त नालियों तथा बदहाल सड़कों के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उनका आरोप है कि स्मार्ट सिटी के नाम पर लंबे समय से निर्माण और खुदाई का काम चल रहा है, लेकिन आम जनता को इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है।
ज्ञापन में क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत, जलभराव का स्थायी समाधान, ड्रेनेज व्यवस्था दुरुस्त करने, नालियों की नियमित सफाई और क्षतिग्रस्त नालियों की मरम्मत की मांग की गई। इसके साथ ही बंद और जाम नालियों की सफाई, खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने तथा जरूरत वाले स्थानों पर नई स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग भी उठाई गई।
कांग्रेस ने स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत किए जा रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा करने तथा अधूरे कार्यों को जल्द पूरा करने की मांग की। निर्माण कार्यों के कारण प्रभावित यातायात व्यवस्था को सुचारु करने और क्षतिग्रस्त सार्वजनिक सुविधाओं को तत्काल दुरुस्त करने की भी मांग की गई।
रितेश छेत्री ने कहा कि स्मार्ट सिटी का उद्देश्य जनता को बेहतर सुविधाएं देना था, लेकिन आज शहर की जनता जलभराव, जाम नालियों, टूटी सड़कों और अव्यवस्थित निर्माण कार्यों से परेशान है। उन्होंने सरकार और संबंधित विभागों से कागजी दावों के बजाय जमीन पर काम कर जनता को राहत देने की मांग की।
कांग्रेस नेता ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समयबद्ध समाधान नहीं किया गया तो पार्टी जनहित में आंदोलन को और व्यापक करेगी। ज्ञापन के माध्यम से अधिकारियों से स्थलीय निरीक्षण कर समस्याओं का समयबद्ध और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की गई।

