HomeCrimeदून में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, चैन स्नैचिंग का आरोपी...

दून में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, चैन स्नैचिंग का आरोपी पैर में गोली लगने से घायल

बसंत विहार के हरबंसवाला बैरियर पर चेकिंग के दौरान भागा बदमाश,

पुलिस पर की फायरिंग; चोरी की स्कूटी, तमंचा और लूटी गई चैन बरामद

देहरादून। बसंत विहार थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। हरबंसवाला बैरियर पर सघन चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की स्कूटी सवार को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक चेकिंग प्वाइंट पर नहीं रुका और टी-स्टेट की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। पुलिस के अनुसार पीछा करने के दौरान बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।

मुठभेड़ के दौरान स्कूटी सवार बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके के लिए रवाना हुए। घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय भेजा गया, जहां से उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया।

14 अगस्त की चैन स्नैचिंग का आरोपी

पुलिस के अनुसार मुठभेड़ में घायल बदमाश की पहचान आकाश उर्फ तमंचा पुत्र जगदीश लाल, निवासी शिवाजी एनक्लेव, जैन प्लॉट, थाना रायपुर, देहरादून, उम्र 27 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि आकाश 14 अगस्त 2026 को बसंत विहार क्षेत्र में वृद्ध महिला के साथ हुई चैन स्नैचिंग की घटना का आरोपी है। इस मामले में बसंत विहार थाने में मुकदमा दर्ज है।

पुलिस ने बताया कि घायल बदमाश के कब्जे से चैन स्नैचिंग की घटना में लूटी गई चैन भी बरामद की गई है।

तमंचा, कारतूस और चोरी की स्कूटी बरामद

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से 315 बोर का एक देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा एक नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी भी बरामद हुई है, जिस पर नंबर प्लेट नहीं थी। पुलिस के अनुसार पूछताछ में स्कूटी के कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी किए जाने की जानकारी सामने आई है।

घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने भी पहुंचकर निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।

एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी

पुलिस के मुताबिक घायल बदमाश आकाश उर्फ तमंचा शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास और पूर्व में दर्ज मुकदमों की विस्तृत जानकारी जुटा रही है।

मुठभेड़ के बाद अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अस्पताल पहुंचकर घायल बदमाश के उपचार की स्थिति की जानकारी ली। पुलिस पूरे मामले में बरामद हथियार, स्कूटी और चैन को जांच में शामिल करते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular