अजबपुर कलां में घर-घर जाकर जांची नोटिस वितरण प्रक्रिया,
बीएलओ को पारदर्शी और त्रुटिरहित कार्य के निर्देश
देहरादून, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति और जमीनी हकीकत परखने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान स्वयं बुधवार को अजबपुर कलां क्षेत्र पहुंचे। उन्होंने घर-घर जाकर मतदाताओं को नोटिस वितरित करने की प्रक्रिया का निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से अभियान की प्रगति एवं कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुनरीक्षण अभियान पूरी तरह त्रुटिरहित, पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी बीएलओ को कार्य की एकरूपता सुनिश्चित करने के लिए फ्लोचार्ट और चेकलिस्ट उपलब्ध कराई जाए, ताकि प्रत्येक चरण का पालन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार हो सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि देहरादून जिले में 11 लाख 90 हजार से अधिक मतदाताओं की मैपिंग का कार्य पूरा किया जा चुका है। वहीं, मतदाता विवरण में विसंगति पाए जाने पर लगभग 5 लाख 47 हजार मतदाताओं को घर-घर जाकर नोटिस दिए जा रहे हैं, ताकि वे अपने नाम, पता, आयु तथा अन्य विवरण समय रहते संशोधित या अद्यतन करा सकें।
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही विवरण के साथ दर्ज करना है। इसके लिए बीएलओ द्वारा घर-घर संपर्क कर मतदाताओं को आवश्यक जानकारी और प्रक्रिया से अवगत कराया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न छूटे और जिन मामलों में सुधार आवश्यक है, उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारित किया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान की नियमित निगरानी की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर स्वयं भी विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया जाएगा।

