HomeDehradunनंदा की चौकी का नया पुल पूरी तरह सुरक्षित, केवल एप्रोच रोड...

नंदा की चौकी का नया पुल पूरी तरह सुरक्षित, केवल एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त: पीडब्ल्यूडी सचिव

देहरादून, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय ने स्पष्ट किया है कि देहरादून के नंदा की चौकी पर नवनिर्मित पुल पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के कारण पुल की एप्रोच रोड का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है, जिसे युद्धस्तर पर ठीक किया जा रहा है।

डॉ. पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि बीती रात हुई मूसलाधार बारिश के चलते पुल के एक हिस्से की एप्रोच रोड के नीचे का भरान बह गया, जिससे सड़क एक स्थान पर धंस गई। उन्होंने कहा कि पुल की संरचना को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है और यह पूरी तरह सुरक्षित है।

उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता को मौके पर भेजा गया है। उन्हें एप्रोच रोड की शीघ्र मरम्मत कराने के साथ-साथ घटना के कारणों की विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए हैं। यदि जांच में किसी अधिकारी या ठेकेदार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पीडब्ल्यूडी सचिव ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण नदी का बहाव तेज हो गया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नदी की धारा को मोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। मौके पर सिंचाई विभाग के अधिकारी भी तैनात हैं और संयुक्त रूप से राहत एवं मरम्मत कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में यदि कहीं नई बनी सड़कें समय से पहले क्षतिग्रस्त होती हैं तो उनके निर्माण की गुणवत्ता और कारणों की भी जांच कराई जाएगी। दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

डॉ. पांडेय ने बताया कि प्रदेशभर में बारिश से बंद हुई सड़कों को खोलने के लिए विभाग युद्धस्तर पर कार्य कर रहा है। बंद सड़कों की स्थिति विभागीय पोर्टल पर लाइव अपडेट की जा रही है और प्रयास है कि अधिकतर मार्गों को 24 घंटे के भीतर यातायात के लिए खोल दिया जाए।

उन्होंने यह भी बताया कि देहरादून–मसूरी मार्ग पर एक स्थान पर नया जलस्रोत सक्रिय होने के कारण लगातार मलबा आ रहा है। वहां विभाग की टीम आवश्यक मशीनरी और उपकरणों के साथ तैनात है, ताकि मार्ग को सुचारु बनाए रखा जा सके।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular