देहरादून, उत्तराखंड में मानसून के दौरान सड़कों की बदहाल स्थिति और जगह-जगह बने गड्ढों को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद अपेक्षित सुधार नहीं होने पर भाजपा विधायक विनोद चमोली ने विभागीय अधिकारियों की कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी जताई है।
विनोद चमोली ने कहा कि मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों और घोषणाओं के बाद भी यदि सड़कों की स्थिति में सुधार दिखाई नहीं दे रहा है, तो यह अधिकारियों की लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि अब जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्ती से कार्रवाई करने की आवश्यकता है।
भाजपा विधायक ने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों से बचने का प्रयास कर रहे हैं और केवल खानापूर्ति तक सीमित हैं। उन्होंने कहा कि जनता को बेहतर सड़कें उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती।
चमोली ने कहा कि यदि सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए संसाधनों की कोई कमी है, तो सरकार उसे पूरा करने के लिए तैयार है। लेकिन पर्याप्त संसाधन उपलब्ध होने के बावजूद यदि अधिकारी काम में लापरवाही बरतते हैं, तो शासन और प्रशासन को उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान खराब सड़कों से आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में संबंधित विभागों को तत्काल प्रभाव से सड़कों की मरम्मत कर लोगों को राहत पहुंचानी चाहिए।

