देहरादून, जनपद देहरादून में जिला योजना समिति (डीपीसी) के गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जिला योजना समिति के गठन के लिए प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों का अनंतिम परिसीमन जारी कर दिया है। इसके साथ ही आम नागरिकों से 4 जुलाई 2026 तक आपत्तियां और सुझाव मांगे गए हैं।
जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज नोडियाल ने बताया कि अंतिम परिसीमन के अनुसार जनपद की ग्रामीण जनसंख्या 5,48,851 निर्धारित की गई है। इसके आधार पर जिला पंचायत के 30 निर्वाचित सदस्य होंगे। इनमें से अपने मध्य से 10 सदस्य जिला योजना समिति के लिए चुने जाएंगे।
वहीं, नगर निकाय क्षेत्रों की कुल जनसंख्या 10,49,328 निर्धारित की गई है। इसके आधार पर जनपद के सात नगर निकायों में 202 निर्वाचित सदस्य होंगे, जो अपने मध्य से 20 सदस्यों का निर्वाचन जिला योजना समिति के लिए करेंगे।
उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों के अनंतिम परिसीमन पर कोई आपत्ति या सुझाव देना है, तो वह अपनी लिखित आपत्ति जिलाधिकारी कार्यालय, मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय अथवा जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में 4 जुलाई तक प्रस्तुत कर सकता है।
प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 2 जुलाई से अनंतिम परिसीमन का प्रकाशन और आपत्तियां आमंत्रित करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। प्राप्त आपत्तियों पर 6 जुलाई को सुनवाई की जाएगी। इसके बाद 8 जुलाई को शासन को आख्या भेजी जाएगी। शासन स्तर पर 10 जुलाई को अंतिम परिसीमन किया जाएगा, जबकि 13 जुलाई 2026 को प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों के अंतिम परिसीमन का विधिवत प्रकाशन किया जाएगा।
प्रशासन ने सभी संबंधित नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं हितधारकों से निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने सुझाव एवं आपत्तियां दर्ज कराने की अपील की है, ताकि जिला योजना समिति के गठन की प्रक्रिया पारदर्शी एवं विधिसम्मत ढंग से पूरी की जा सके।

