अल्मोड़ा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गाँधी के आगामी 4 जून को प्रस्तावित अल्मोड़ा दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। कांग्रेस द्वारा आयोजित की जा रही महारैली की तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं। पार्टी नेताओं का दावा है कि रैली में कुमाऊं भर से हजारों कार्यकर्ता और समर्थक शामिल होंगे।
महारैली को सफल बनाने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री Harish Rawat स्वयं मोर्चा संभाले हुए हैं। वे लगातार पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रणनीति तैयार कर रहे हैं। हरीश रावत ने कहा कि राहुल गांधी का अल्मोड़ा दौरा ऐतिहासिक साबित होगा और यह रैली प्रदेश में परिवर्तन का शंखनाद करेगी।
उन्होंने कहा कि गांधी परिवार का अल्मोड़ा और पूरे कुमाऊं क्षेत्र से विशेष भावनात्मक जुड़ाव रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ,इंदिरा गाँधी और राजीव गाँधी ने उत्तराखंड और विशेष रूप से कुमाऊं क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने अल्मोड़ा में विवेकानंद कृषि अनुसंधान संस्थान की स्थापना करवाई थी, जबकि राजीव गांधी ने गोविंद बल्लभ पंत पर्यावरण संस्थान की नींव रखी थी।
हरीश रावत ने केंद्र और राज्य सरकार पर युवाओं को रोजगार देने में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देशभर में लाखों पद खाली पड़े हैं, लेकिन सरकार भर्ती प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ा रही है। साथ ही उन्होंने नीट परीक्षा पेपर लीक जैसे मामलों को युवाओं के विश्वास के साथ खिलवाड़ बताया।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी की रैली को लेकर पूरे कुमाऊं क्षेत्र में जबरदस्त उत्साह है। पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को रैली में शामिल होने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं। कांग्रेस का दावा है कि यह महारैली आगामी 2027 विधानसभा चुनावों की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।








