Sunday, May 24, 2026
spot_img
HomeDehradun नगर निगम का अतिक्रमण पर बड़ा अभियान, कई क्षेत्रों में अवैध कब्जे...

 नगर निगम का अतिक्रमण पर बड़ा अभियान, कई क्षेत्रों में अवैध कब्जे हटाए,निगम भूमि पर अवैध प्लाटिंग और निर्माण ध्वस्त

देहरादून | संवाददाता
देहरादून शहर को अतिक्रमणमुक्त और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर निगम देहरादून ने शुक्रवार को विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक अभियान चलाते हुए अवैध कब्जों और अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। महापौर और नगर आयुक्त के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के दौरान निगम भूमि पर किए गए अवैध निर्माणों, प्लाटिंग और कब्जों को हटाकर संबंधित स्थलों को अतिक्रमणमुक्त कराया गया।
नगर निगम की टीम ने धोरण खास क्षेत्र में खसरा संख्या 463 स्थित निगम भूमि पर अवैध रूप से लगाए गए बोर्ड, की गई अवैध प्लाटिंग तथा निर्मित दीवार को ध्वस्त किया। कार्रवाई के दौरान पूरी भूमि को कब्जामुक्त कराते हुए सरकारी संपत्ति को सुरक्षित किया गया।
नगर निगम ने एटीएस कॉलोनी क्षेत्र में शासकीय भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बाउंड्री वॉल निर्माण की अनुमति भी जारी की है। निगम अधिकारियों के अनुसार इसका उद्देश्य भविष्य में सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को रोकना है।
अभियान के तहत हरभजवाला क्षेत्र में खसरा संख्या 2062, 2064 और 2065 पर नगर निगम की भूमि पर अवैध रूप से बनाई गई सड़क के खिलाफ भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। निगम टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क को हटाने की कार्रवाई अमल में लाई।
नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न मंडी क्षेत्रों में भी अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की गई। वार्ड संख्या 98 के मंडी बाला वाला क्षेत्र में संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए गए, जबकि वार्ड संख्या 84 स्थित बंजारा वाला सब्जी मंडी क्षेत्र में भी अतिक्रमण को लेकर नोटिस प्रेषित किए गए।
इसके अलावा रायपुर तपोवन रोड क्षेत्र में भी निगम की टीम ने अभियान चलाते हुए अतिक्रमण के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निगम अथवा सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा, निर्माण या अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। निगम अधिकारियों ने कहा कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार, प्रभावी और कठोर तरीके से जारी रहेगा।
RELATED ARTICLES

Most Popular