देहरादून पुलिस ने करीब एक वर्ष पुराने राजपुर हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा करते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात शार्प शूटर और हिस्ट्रीशीटर अपराधी राजन उर्फ जैकी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक अजय बटेजा की हत्या उसके सौतेले भाई अमित बटेजा ने प्रॉपर्टी विवाद के चलते सुपारी देकर कराई थी। हत्या को अंजाम देने में आरोपी ने अपनी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया का भी सहारा लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी जैकी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में “सुपारी किलर” के नाम से कुख्यात है और उस पर हत्या, रंगदारी, लूट, गैंगस्टर और गुण्डा एक्ट समेत डेढ़ दर्जन से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
घटना 26 मई 2025 की है, जब जीएमएस रोड निवासी जतिन कुमार ने थाना राजपुर में तहरीर देकर बताया था कि उनके ममेरे भाई अजय बटेजा की जाखन स्थित कृष्णा विहार आवास में हत्या कर दी गई है। मामले में थाना राजपुर में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान मुजफ्फरनगर निवासी शातिर अपराधी राजन उर्फ जैकी का नाम सामने आया।
इसके बाद पुलिस ने 19 मई 2026 को खालापार, मुजफ्फरनगर से आरोपी को हिरासत में लिया और पूछताछ के लिए देहरादून लाया गया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने हत्या की पूरी साजिश और वारदात कबूल कर ली।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मृतक अजय बटेजा और उसके सौतेले भाई अमित बटेजा को कई वर्षों से जानता था। अजय बटेजा के पास देहरादून और मसूरी में करोड़ों की संपत्ति थी। अमित बटेजा अपने हिस्से की मांग कर रहा था, लेकिन अजय संपत्ति देने को तैयार नहीं था।
आरोप है कि अमित बटेजा ने जैकी को अपने भाई को रास्ते से हटाने के बदले जाखन स्थित संपत्ति में आधा हिस्सा देने और उसके खिलाफ चल रहे एक आपराधिक मामले में मदद करने का लालच दिया। इसके बाद हत्या की योजना बनाई गई।
25 मई 2025 को आरोपी जैकी अपनी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया के साथ सहारनपुर में अमित बटेजा से मिला। वहां हत्या की पूरी साजिश रची गई। बाद में सभी लोग देहरादून पहुंचे और रात में अजय बटेजा के घर रुके।
योजना के मुताबिक जैकी ने अपनी प्रेमिका को अजय के पास छोड़ दिया और खुद साथियों के साथ बाहर चला गया। देर रात वह अकेले घर लौटा। आरोपी ने पहले अजय को अधिक शराब पिलाई और फिर नशे की हालत में तकिये से उसका मुंह दबाकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को पंखे से लटकाकर घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया, लेकिन जल्दबाजी में वह सफल नहीं हो सका। इसी दौरान आरोपी की नजर घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे पर पड़ी। पकड़े जाने के डर से वह डीवीआर निकालकर अपने साथ ले गया।
घटना के बाद आरोपी अपनी प्रेमिका के साथ ऑटो से आईएसबीटी पहुंचा और वहां से बस के जरिए सहारनपुर फरार हो गया।
पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी जैकी उर्फ राजन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सौतेला भाई अमित बटेजा और हुमेरा उर्फ जोया अभी फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सहारनपुर का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उसके खिलाफ सहारनपुर, शामली और अन्य जिलों में हत्या के प्रयास, रंगदारी, लूट, गैंगस्टर एक्ट, गुण्डा एक्ट और अवैध वसूली जैसे कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
इतना ही नहीं, वर्ष 2022 में उसकी लगभग 85 लाख रुपये की अवैध संपत्ति भी कुर्क की जा चुकी है। घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को गढ़वाल परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक द्वारा 5 हजार रुपये तथा एसएसपी देहरादून द्वारा 2500 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।


