HomeDehradunभाजपा ने दी नफरत, नकल व भ्रष्टाचार, कांग्रेस ने रखी विकास की...

भाजपा ने दी नफरत, नकल व भ्रष्टाचार, कांग्रेस ने रखी विकास की नींव

उत्तराखंड में पिछले 25 वर्षों की सत्ता की समीक्षा करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा ने भाजपा पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा ने पंद्रह साल राज कर जनता को परेशानियां, नफरत, नकल और भ्रष्टाचार दिया, जबकि कांग्रेस की पहली निर्वाचित सरकार ने विकास की मजबूत आधारशिला रखी थी।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में माहरा ने कहा कि राज्य बनने के बाद पहली कामचलाऊ सरकार भाजपा की बनी, जबकि पहली निर्वाचित सरकार कांग्रेस की रही पंडित एन.डी. तिवारी के नेतृत्व में। इसके बाद दूसरी सरकार भाजपा, तीसरी कांग्रेस और चौथी-पांचवीं भाजपा की बनीं।
माहरा ने कहा यदि इन 25 वर्षों का तुलनात्मक अध्ययन किया जाए तो कांग्रेस के दस साल भाजपा के पंद्रह सालों पर भारी पड़ते हैं। भाजपा ऐसी कोई उपलब्धि नहीं गिनवा सकती जो जनता के हितों से जुड़ी हो।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली दो भाजपा सरकारों ने जनसरोकारों से पूरी तरह मुंह मोड़ लिया। कोरोना काल में तत्कालीन मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत पूरे लॉकडाउन में अपने सरकारी आवास से बाहर नहीं निकले।
उन्होंने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार का पूरा ध्यान खनन और शराब बिक्री बढ़ाने पर है। भाजपा जनता को लव जिहाद, लैंड जिहाद, थूक जिहाद जैसे मुद्दों में उलझाकर अवैध खनन और शराब के धंधे से काली कमाई करवा रही है।
माहरा ने कहा कि इस वर्ष की आपदा से प्रभावित लोग अब भी राहत और पुनर्वास की प्रतीक्षा में हैं, जबकि सरकार उपेक्षा कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि नकल और नफरत का कारोबार सरकार के संरक्षण में खूब फल-फूल रहा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने राज्य की रजत जयंती पर आयोजित विधानसभा विशेष सत्र पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विपक्ष को विश्वास में लेकर भविष्य का कोई रोडमैप तैयार करने में विफल रही। सत्र अपनी-अपनी डफली, अपना-अपना राग बजाने तक सीमित रहा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब 2027 विधानसभा चुनावों की तैयारी जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप करेगी और राज्य में फिर से जनसरोकारों के लिए समर्पित सरकार बनाएगी।
करण माहरा ने बताया कि वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान के तहत राज्यव्यापी हस्ताक्षर अभियान में अब तक पौने दो लाख हस्ताक्षरयुक्त फार्म कांग्रेस मुख्यालय में जमा हो चुके हैं। आने वाले दो-तीन दिनों में यह संख्या तीन लाख तक पहुंच जाएगी।
उन्होंने कहा कि एआईसीसी देशभर से पांच करोड़ हस्ताक्षर एकत्र कर महामहिम राष्ट्रपति और चुनाव आयोग को सौंपेगी, ताकि वोट चोरी रोकने की मांग को मजबूती मिल सके।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना ने भाजपा सरकारों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा भाजपा की पंद्रह सालों की सबसे बड़ी उपलब्धि रही पंद्रह साल में आठ मुख्यमंत्री देना।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के मुख्यमंत्री एन.डी. तिवारी ने राज्य को बेहतरीन वित्तीय प्रबंधन का ढांचा दिया, जबकि भाजपा ने राज्य की वित्तीय व्यवस्था को पटरी से उतार दिया।
धस्माना ने याद दिलाया कि तिवारी सरकार ने सिडकुल, उपनल, पेट्रोलियम यूनिवर्सिटी, दून यूनिवर्सिटी और हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज जैसे संस्थान दिए। साथ ही शक्ति भू कानून बनाया, गोरखा समाज को ओबीसी में शामिल किया, शिक्षा विभाग में 65 हजार लोगों को रोजगार दिया और उद्योगों में 70 प्रतिशत आरक्षण स्थानीय युवाओं के लिए अनिवार्य किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा की पहली निर्वाचित सरकार में बी.सी. खंडूरी ने न्याय उद्योग के लिए भूमि उपलब्ध न कराकर औद्योगिक विकास रोक दिया।
धस्माना ने कहा कि कांग्रेस की दूसरी निर्वाचित सरकार की उपलब्धि रही कि उसने गैरसैंण को दोबारा केंद्र में लाया तंबू में कैबिनेट बैठकें कीं, विधानसभा सत्र आयोजित किए और वहां विधानसभा सचिवालय व कार्यालयों का निर्माण शुरू कराया।
उन्होंने कहा कि भाजपा की चौथी सरकार में भी तीन-तीन मुख्यमंत्री बदले गए और कांग्रेस सरकार द्वारा बनाए गए भू-कानून को नष्ट-भ्रष्ट किया गया।
धस्माना ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार में नकल, पेपर लीक, अंधाधुंध खनन, घर-घर शराब, महिलाओं के खिलाफ हिंसा, बलात्कार और हत्या के मामले नए कीर्तिमान बना रहे हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular