राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर आज देहरादून पुलिस द्वारा पूरे जिले में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून अजय सिंह ने पुलिस लाइन देहरादून में दोनों महान नेताओं के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
एसएसपी देहरादून ने इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को संबोधित करते हुए महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री जी के जीवन मूल्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गांधी जी का सत्य और अहिंसा का मार्ग तथा शास्त्री जी की सादगी और देशभक्ति आज भी सभी के लिए प्रेरणा हैं।
एसएसपी ने पुलिस कर्मियों को बिना किसी पक्षपात, हिंसा और असहिष्णुता के अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई। साथ ही शांति, सद्भाव और सौहार्द को बनाए रखने का आह्वान किया।
जयंती के उपलक्ष्य में जनपद देहरादून के सभी थानों, चौकियों, कार्यालयों और पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिसकर्मियों ने गांधी जी और शास्त्री जी के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धा व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस लाइन देहरादून में नियुक्त पर्यावरण मित्रों को ट्रैकसूट वितरित किए गए। एसएसपी ने कहा कि पर्यावरण मित्र समाज की महत्वपूर्ण सेवा कर रहे हैं, और उनके मनोबल को बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर एकता दिवस के तहत सभी पुलिसकर्मियों को देश की एकता, अखंडता और सांप्रदायिक सौहार्द को बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई।

