Friday, May 29, 2026
spot_img
HomeDehradunललित शौर्य की नई पुस्तक 'जंगल हम बचाएंगे' का विमोचन

ललित शौर्य की नई पुस्तक ‘जंगल हम बचाएंगे’ का विमोचन

यमुना कॉलोनी स्थित कैंप कार्यालय में रविवार को उत्तराखंड सरकार के वन, भाषा एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने चर्चित युवा बाल साहित्यकार इंजीनियर ललित शौर्य की पुस्तक जंगल हम बचाएंगे का विमोचन किया। यह पुस्तक वन संरक्षण और वनाग्नि से बचाव जैसे गंभीर विषयों पर केंद्रित है।

विमोचन कार्यक्रम के दौरान मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि यह पुस्तक निश्चित तौर पर बच्चों और युवाओं को वनों के प्रति संवेदनशील बनाएगी। उन्होंने कहा कि आज के समय में ऐसे प्रेरणादायी साहित्य की अत्यंत आवश्यकता है जो नई पीढ़ी में प्रकृति के प्रति दायित्वबोध विकसित करे। मंत्री ने इंजी. ललित शौर्य के प्रयास को सराहनीय बताया।

इस मौके पर लेखक ललित शौर्य ने कहा कि जलवायु परिवर्तन और वैश्विक उष्णता जैसे मुद्दों के बीच वनों का महत्व और भी बढ़ गया है। जंगल हम बचाएंगे बच्चों को कहानियों के माध्यम से वनों की उपयोगिता और संरक्षण का संदेश देने का एक प्रयास है। उन्होंने बताया कि इस पुस्तक को लिखने की प्रेरणा उन्हें प्रभागीय वनाधिकारी आशुतोष सिंह से मिली।

कार्यक्रम में हिमालयन हेरिटेज सोसायटी के सचिव रजनीश कौंसवाल ने कहा कि “मोबाइल नहीं, पुस्तक दो” अभियान के अंतर्गत बाल साहित्य के क्षेत्र में ललित शौर्य का यह योगदान प्रेरणास्पद है। अब तक वे 19 बाल पुस्तकें लिख चुके हैं, जो समाज को सकारात्मक दिशा देने वाला प्रयास है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी वन मंत्री सुबोध उनियाल द्वारा ललित शौर्य की चर्चित पुस्तकों गुलदार दगड़िया और फॉरेस्ट वॉरियर्स का विमोचन किया जा चुका है।

इस अवसर पर बद्री-केदार मंदिर समिति के सदस्य राजपाल जड़धारी समेत कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular