राज्य आंदोलनकारियों और शहीदों को किया सम्मानित
उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में सोमवार को रजत जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि दी और आंदोलनकारियों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 142.25 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 27 योजनाओं का 43.63 करोड़ रुपये में लोकार्पण और 33 योजनाओं का 98.62 करोड़ रुपये में शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया और खेल, शिक्षा, कृषि सहित अन्य क्षेत्रों में योगदान देने वालों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में आईटीबीपी, आईआरबी, नागरिक पुलिस, होमगार्ड, महिला आरक्षी और एनसीसी महिला दस्ते ने बैंड परेड का शानदार प्रदर्शन किया।
धामी ने राज्यवासियों को रजत जयंती की बधाई देते हुए कहा कि उत्तराखंड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनाने के लिए तीर्थाटन विकास और पौराणिक मंदिरों के सौंदर्यीकरण का कार्य तेज गति से किया जा रहा है। उन्होंने गैरसैंण और आसपास के क्षेत्रों को स्मार्ट सिटी की तर्ज पर विकसित करने और चौखुटिया, ज्योतिर्मठ व घनशाली को उड़ान योजना से जोड़ने की घोषणा भी की।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष बीकेटीसी, राज्यमंत्री, भाजपा नेता, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


