HomeCrimeखटीमा-नानकमत्ता में धर्मांतरण मामलों पर पुलिस सख्त, तीन मुकदमे दर्ज, एसआईटी करेगी...

खटीमा-नानकमत्ता में धर्मांतरण मामलों पर पुलिस सख्त, तीन मुकदमे दर्ज, एसआईटी करेगी जांच

एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर कार्रवाई तेज,

लालच और दबाव देकर धर्म परिवर्तन कराने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई

खटीमा। उधम सिंह नगर जिले में कथित धर्मांतरण के तीन अलग-अलग मामले सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में उधम सिंह नगर पुलिस ने मामलों को गंभीरता से लेते हुए तीनों प्रकरणों में मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने निष्पक्ष और प्रभावी जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि यदि कोई व्यक्ति भय, दबाव, धोखाधड़ी, झूठे प्रलोभन या लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पहले मामले में एक वादी ने कोतवाली खटीमा में तहरीर देकर आरोप लगाया कि तीन लोगों द्वारा प्रार्थना सभाओं का आयोजन कर हिंदू धर्म के विरुद्ध दुष्प्रचार किया जा रहा था। शिकायत में कहा गया कि लोगों को बीमारी ठीक करने का झांसा दिया गया और आर्थिक सहायता का लालच देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए दबाव बनाया गया।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दूसरे प्रकरण में थाना नानकमत्ता क्षेत्र के एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि गांव में चर्चनुमा ढांचा बनाकर धर्म का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। शिकायतकर्ता के अनुसार, धर्म परिवर्तन के बदले पांच लाख रुपये देने का प्रलोभन दिया गया और परिवार को डराने-धमकाने का प्रयास भी किया गया।
इस मामले में पुलिस ने उत्तराखंड धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कथित गतिविधियों में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
तीसरे मामले में आरोप लगाया गया है कि एक व्यक्ति द्वारा थारू समाज के लोगों को गुमराह करते हुए हिंदू धर्म के प्रति नफरत फैलाने का प्रयास किया जा रहा था। शिकायतकर्ता के अनुसार, सामाजिक भेदभाव समाप्त करने के नाम पर लोगों को झूठे प्रलोभन देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था।
इस मामले में भी कोतवाली खटीमा में अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने कहा है कि मामले की हर पहलू से जांच की जाएगी और यदि आरोप सही पाए गए तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी अजय गणपति ने तीनों मामलों की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी गठित करने के निर्देश दिए हैं। एसआईटी का पर्यवेक्षण पुलिस उपाधीक्षक विभव सैनी द्वारा किया जाएगा। टीम में संबंधित मामलों के विवेचक, थाना प्रभारी और एसओजी की सर्विलांस टीम को शामिल किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि एसआईटी सभी मामलों की निष्पक्ष जांच करेगी और तथ्यों के आधार पर रिपोर्ट तैयार करेगी।
उधम सिंह नगर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी भी व्यक्ति द्वारा भय, दबाव, धोखाधड़ी या लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास किया जाता है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना और सामाजिक सौहार्द कायम रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी प्रशासन को देने की अपील भी की गई है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular