गांधी पार्क में कांग्रेस पर बरसे भाजपा नेता, बोले- राजनीतिक फायदे के लिए बनाया जा रहा झूठा नैरेटिव
देहरादून। हल्द्वानी में रामलीला मैदान के कथित शुद्धिकरण को लेकर शुरू हुआ विवाद लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। कांग्रेस जहां इस मामले को लेकर भाजपा पर जातिगत भेदभाव को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए विरोध-प्रदर्शन कर रही है, वहीं भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों के विरोध में मंगलवार को प्रदेशभर के सभी जिला मुख्यालयों पर ‘सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना’ दिया। देहरादून में भाजपा कार्यकर्ताओं ने गांधी पार्क में धरना देकर कांग्रेस पर राजनीतिक लाभ के लिए समाज में भ्रम और विभाजन पैदा करने का आरोप लगाया।
धरने के दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरे देश में राजनीतिक रूप से वेंटिलेटर पर है और अब जिंदा रहने के लिए अलग-अलग मुद्दों और बहानों को तलाश रही है। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी के रामलीला मैदान में जो कुछ हुआ, उसे राजनीतिक रंग दिया जा रहा है।
गणेश जोशी ने कहा कि रामलीला ग्राउंड आस्था का केंद्र है। उनके अनुसार वहां जाति विशेष के नारे लगाए गए और शराब तथा मांस का सेवन किया गया था। आगामी रामलीला को देखते हुए कुछ हिंदू संगठनों की ओर से मैदान का शुद्धिकरण किया गया। उन्होंने दावा किया कि इस शुद्धिकरण कार्यक्रम से भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है।
उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह इस पूरे मामले को जातिगत भेदभाव से जोड़कर समाज में भ्रम की स्थिति पैदा करने का प्रयास कर रही है। भाजपा नेताओं का कहना है कि धार्मिक और सामाजिक आयोजनों से जुड़े किसी स्थानीय घटनाक्रम को राजनीतिक मुद्दा बनाकर प्रदेश की सामाजिक एकता को प्रभावित नहीं किया जाना चाहिए।
राहुल गांधी पर झूठा नैरेटिव बनाने का आरोप
धरने में भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी इस मामले को लेकर झूठा नैरेटिव बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड एक समरस प्रदेश है और यहां जाति के आधार पर भेदभाव की परंपरा नहीं रही है।
सिद्धार्थ अग्रवाल ने कहा कि भाजपा सामाजिक समरसता और सौहार्द के पक्ष में है। उन्होंने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए समाज को जाति और वर्ग के आधार पर बांटने का प्रयास नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सामाजिक संरचना आपसी भाईचारे और सद्भाव पर आधारित है। ऐसे में किसी घटना को बढ़ा-चढ़ाकर प्रस्तुत करने के बजाय वास्तविक तथ्यों को सामने रखा जाना चाहिए।
रेखा आर्य बोलीं- दलितों के नाम पर राजनीति बर्दाश्त नहीं
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने भी कांग्रेस और राहुल गांधी पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने दलितों का अपमान किया है और राजनीतिक रूप से भाजपा को इस मामले में जबरन घसीटने का प्रयास किया जा रहा है।
रेखा आर्य ने कहा कि भाजपा की ओर से यह धरना किसी समुदाय के खिलाफ नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द और समरसता के समर्थन में आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा जरूरी है तथा किसी भी मुद्दे को राजनीतिक लाभ के लिए जातिगत संघर्ष का रूप देना उचित नहीं है।
प्रदेशभर में भाजपा ने किया प्रदर्शन
हल्द्वानी के शुद्धिकरण विवाद को लेकर भाजपा ने एक साथ प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर धरना आयोजित कर अपना विरोध दर्ज कराया। पार्टी नेताओं ने कहा कि कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों के खिलाफ जनता के बीच वास्तविक स्थिति रखने और सामाजिक सौहार्द का संदेश देने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश में राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हो सकते हैं, लेकिन सामाजिक और धार्मिक आयोजनों को जातिगत विवाद का रूप देकर समाज में तनाव पैदा करना किसी भी स्तर पर उचित नहीं है।
वहीं, कांग्रेस इस मामले को लेकर भाजपा पर लगातार हमलावर है और उसका आरोप है कि शुद्धिकरण की घटना के जरिए जातिगत भेदभाव का संदेश दिया गया। इसी आरोप-प्रत्यारोप के चलते हल्द्वानी का यह मामला अब प्रदेश की राजनीति का प्रमुख मुद्दा बन गया है।
भाजपा नेताओं ने धरने के माध्यम से कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए सामाजिक एकता, भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने का संकल्प दोहराया। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के बीच बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं।

