मौसम विभाग का पूर्वानुमान जारी, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी कई दिनों तक बारिश की संभावना
देहरादून: उत्तराखंड में मानसून की गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 24 जून से 29 जून तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा। इस दौरान पर्वतीय जिलों के साथ-साथ मैदानी जनपद हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी कई दिनों तक वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार 24 जून को राज्य के सभी जिलों में बारिश की संभावना है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, देहरादून, टिहरी गढ़वाल और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गर्जन वाले बादल विकसित हो सकते हैं। अन्य जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने का अनुमान है।
25 जून गुरुवार को भी मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही बना रहेगा। पर्वतीय क्षेत्रों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होगी, जबकि अन्य जिलों में छिटपुट बारिश दर्ज की जा सकती है।
26 जून शुक्रवार को बारिश मुख्य रूप से पर्वतीय जिलों तक सीमित रहेगी। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। हालांकि हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
27 जून शनिवार को भी 11 पर्वतीय जिलों में बारिश जारी रहेगी। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कहीं-कहीं मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहेगा।
28 जून रविवार को बादलों का दायरा फिर बढ़ेगा और पूरे प्रदेश में बारिश की संभावना है। पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ कुछ स्थानों पर गर्जन की गतिविधियां भी देखने को मिल सकती हैं। वहीं मैदानी क्षेत्रों में भी हल्की बारिश होने का अनुमान है।
29 जून सोमवार को राज्यभर में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अन्य पर्वतीय जिलों में भी अच्छी वर्षा के आसार हैं, जबकि हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है।
सावधानी की सलाह
मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। लगातार बारिश के कारण भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नदी-नालों और संवेदनशील सड़कों पर विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। प्रशासन भी मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

