मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास से वर्चुअल माध्यम से तराई पश्चिमी वन प्रभाग, रामनगर के फांटो जोन में आयोजित कार्यक्रम में 180 महिला एवं पुरुष नेचर गाइडों को रोजगार पंजीकरण प्रमाण-पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि ये प्रमाण-पत्र युवाओं के कौशल, मेहनत और प्रकृति संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक हैं। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से उन युवाओं की सराहना की जो रिवर्स पलायन कर अपने गांव लौटे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फांटो जोन ईको-टूरिज्म और समुदाय आधारित पर्यटन का सफल मॉडल बन चुका है तथा टाइगर साइटिंग और ट्री हाउस जैसी सुविधाओं के कारण देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है। इससे प्रदेश के राजस्व के साथ स्थानीय लोगों की आय में भी वृद्धि हो रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ईको-टूरिज्म, होमस्टे, एडवेंचर, वेलनेस, शीतकालीन और आध्यात्मिक पर्यटन जैसे क्षेत्रों के माध्यम से युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ रही है। मुख्यमंत्री के अनुसार, इन प्रयासों से प्रदेश में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।मुख्यमंत्री ने नेचर गाइडों को उत्तराखंड की संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और वन्यजीव सुरक्षा का ब्रांड एम्बेसडर बताते हुए सभी से प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता और स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

