मुख्यमंत्री बोले- मोदी के नेतृत्व में दुनिया भारत की हर पहल को गंभीरता से लेती है,
कांग्रेस के पास मुद्दे नहीं इसलिए सकारात्मक कामों में भी तलाश रही परेशानी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ब्रिक्स सम्मेलन के संदर्भ में भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज भारत न केवल बड़े अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों की मेजबानी कर रहा है, बल्कि वैश्विक मंच पर उसकी भूमिका और प्रभाव को पूरी दुनिया महसूस कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की किसी भी पहल को अब विश्व समुदाय गंभीरता से लेता है और दुनिया में जब भी कोई बड़ा घटनाक्रम होता है तो सभी की नजर भारत के रुख पर रहती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह नया भारत सशक्त, स्वावलंबी और सबको साथ लेकर चलने वाला भारत है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की बढ़ती स्वीकार्यता देश के बदलते प्रभाव को दर्शाती है।
‘छात्रों की गूंज’ पर धामी का कांग्रेस पर पलटवार
उत्तराखंड की सियासत को लेकर मुख्यमंत्री धामी ने कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा। कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने इसे ‘झूठ की गूंज’ करार दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई वास्तविक मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह सरकार के प्रत्येक सकारात्मक कार्य में भी खामियां तलाशने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के विकास, निवेश और रोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार काम कर रही है। ऐसे में विपक्ष को सरकार के विकास कार्यों का विरोध करने के बजाय रचनात्मक भूमिका निभानी चाहिए।
शुद्धिकरण यज्ञ पर भी कांग्रेस को घेरा
मुख्यमंत्री ने शुद्धिकरण यज्ञ को जाति से जोड़कर लगाए गए कांग्रेस के आरोपों को भी गलत बताया। उन्होंने कहा कि यज्ञ में विभिन्न वर्गों और समाज के लोगों ने भाग लिया था। मुख्यमंत्री के अनुसार हवन में वाल्मीकि और शिल्पकार समाज के लोग भी शामिल हुए थे। ऐसे में इस धार्मिक आयोजन को जाति के आधार पर देखने की कोशिश उचित नहीं है।
धामी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रदेश में विकास, निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा करना है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए निवेश को प्रोत्साहित किया जा रहा है और इसके जरिए युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
अतिक्रमण पर दो टूक- सरकारी जमीन बेकार नहीं होने देंगे
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में अतिक्रमण के खिलाफ की गई कार्रवाई का भी जिक्र किया। उन्होंने बनभूलपुरा सहित विभिन्न स्थानों पर अतिक्रमण के खिलाफ हुई कार्रवाई का हवाला देते हुए कहा कि सरकारी जमीन को किसी भी कीमत पर बेकार नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन सार्वजनिक संपत्ति है और इसका इस्तेमाल प्रदेश के विकास और जनहित में होना चाहिए। अतिक्रमण के खिलाफ सरकार की कार्रवाई जारी रहेगी और सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए नियमानुसार कदम उठाए जाएंगे।
निवेश और रोजगार को बताया सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में निवेश आने से रोजगार के अवसर पैदा होंगे और स्थानीय युवाओं को इसका लाभ मिलेगा। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश में ऐसा वातावरण तैयार किया जाए, जहां उद्योग और निवेश के साथ-साथ स्थानीय लोगों के हितों का भी ध्यान रखा जाए।
ब्रिक्स सम्मेलन के संदर्भ में भारत की वैश्विक भूमिका से लेकर उत्तराखंड के राजनीतिक मुद्दों तक मुख्यमंत्री धामी ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों का बचाव करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है, वहीं उत्तराखंड में भी सरकार विकास, निवेश, रोजगार और जनहित के मुद्दों पर आगे बढ़ रही है।

