HomeDehradunगर्मी से राहत पाने गुचुपानी पहुंच रहे पर्यटक, वीकेंड पर उमड़ी भारी...

गर्मी से राहत पाने गुचुपानी पहुंच रहे पर्यटक, वीकेंड पर उमड़ी भारी भीड़

देहरादून। राजधानी देहरादून में बढ़ती गर्मी और वीकेंड की छुट्टियों के बीच गढ़ी कैंट क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुचुपानी (रॉबर्स केव) पर्यटकों की पहली पसंद बनता जा रहा है। प्राकृतिक गुफाओं, ठंडे और स्वच्छ जलधाराओं तथा मनमोहक वातावरण के कारण यहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं और गर्मी से राहत का आनंद ले रहे हैं।

वीकेंड के दौरान पर्यटकों की बढ़ती भीड़ से पूरा क्षेत्र गुलजार नजर आया। प्रशासन और पुलिस द्वारा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि पर्यटकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

पर्यटकों की आमद बढ़ने से स्थानीय व्यापारियों और दुकानदारों में भी उत्साह है। खाने-पीने की दुकानों, स्थानीय उत्पादों और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों में अच्छी रौनक देखने को मिल रही है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।

गुचुपानी में आने वाले कई पर्यटक ड्रोन के माध्यम से फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर प्राकृतिक सौंदर्य को कैमरे में कैद कर रहे हैं। पहाड़ियों के बीच बहता ठंडा पानी और प्राकृतिक गुफाएं पर्यटकों को विशेष रूप से आकर्षित कर रही हैं।

पर्यटक न केवल यहां की प्राकृतिक सुंदरता की सराहना कर रहे हैं, बल्कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दे रहे हैं। पटियाला से आए पर्यटक जतिन ने बताया कि वह दूसरी बार देहरादून आए हैं, लेकिन पहली बार परिवार के साथ गुचुपानी पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि अब तक उन्होंने गुचुपानी को केवल वीडियो में देखा था, लेकिन यहां आकर इसकी प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण ने उन्हें बेहद प्रभावित किया। उन्होंने पर्यटकों से अपील की कि वे पर्यटन स्थल की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।

गुचुपानी का ठंडा और स्वच्छ जल, प्राकृतिक गुफाएं तथा मनोरम वातावरण इन दिनों पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। यही कारण है कि सहस्त्रधारा के बाद गुचुपानी देहरादून आने वाले सैलानियों की सबसे पसंदीदा जगहों में शामिल होता जा रहा है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular