HomeDehradunराजकीय महाविद्यालयों में आयोजित होंगे प्रवेशोत्सवः डाॅ. धन सिंह रावत

राजकीय महाविद्यालयों में आयोजित होंगे प्रवेशोत्सवः डाॅ. धन सिंह रावत

देहरादून,  उत्तराखंड के राजकीय महाविद्यालयों में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत प्रवेशोत्सव के साथ होगी। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सभी राजकीय महाविद्यालयों में नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं के स्वागत के लिए प्रवेशोत्सव आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही महाविद्यालयों में एनसीसी, एनएसएस और रोवर रेंजर्स की इकाइयां स्थापित कर विद्यार्थियों को इनमें शामिल होने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सोमवार को अपने शासकीय आवास पर उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि प्रवेशोत्सव का उद्देश्य नए विद्यार्थियों में उच्च शिक्षा के प्रति विश्वास और सकारात्मक वातावरण तैयार करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रवेशोत्सव को प्रभावी तरीके से आयोजित किया जाए।

मंत्री ने कहा कि मानक पूरे करने वाले राजकीय महाविद्यालयों में एनसीसी, एनएसएस अथवा रोवर रेंजर्स में से कम से कम एक इकाई स्थापित की जाएगी। प्रयास रहेगा कि प्रत्येक छात्र-छात्रा को इनमें से किसी न किसी गतिविधि से जोड़ा जाए, ताकि विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र सेवा की भावना विकसित हो।

नशे के खिलाफ चलेंगे अभियान

डॉ. रावत ने प्रदेश के सभी राजकीय महाविद्यालयों में नशा मुक्ति अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके तहत विद्यार्थियों के लिए नशा मुक्ति से संबंधित कार्यशालाएं और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही विकसित भारत-2047 की थीम पर विभिन्न विषयों को लेकर गोष्ठियां आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

निर्माण कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश

बैठक में मंत्री ने अपने विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर के पाबौं, खिर्सू, थलीसैण, मजरा महादेव, उफरैंखाल और व्यावसायिक महाविद्यालय बनास पैठाणी की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने भवन निर्माण, शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की स्थिति, पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं, फर्नीचर, बिजली, पेयजल, खेल मैदान और खेल सामग्री की जानकारी ली।

उन्होंने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। नवनिर्मित छात्रावासों में इसी शैक्षणिक सत्र से छात्र-छात्राओं के रहने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। मंत्री ने चेतावनी दी कि समय पर निर्माण कार्य पूरा नहीं करने वाली कार्यदायी संस्थाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कॉलेज भवनों पर लगेंगे सोलर पैनल

उच्च शिक्षा मंत्री ने सभी राजकीय महाविद्यालयों के नवनिर्मित भवनों की छतों पर सोलर पैनल लगाने के निर्देश दिए। इसके अलावा महाविद्यालय परिसरों में शौर्य दीवार, मां सरस्वती और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमाएं स्थापित करने को भी कहा गया।

बैठक में अपर सचिव उच्च शिक्षा मनुज गोयल, निदेशक उच्च शिक्षा वीएन खाली, संयुक्त सचिव प्रदीप नौटियाल, संयुक्त निदेशक संगीता गुप्ता सहित विभागीय अधिकारी और विभिन्न राजकीय महाविद्यालयों के प्राचार्य मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular