Friday, May 29, 2026
spot_img
HomeDehradun बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष के काफिले पर सियासत तेज, कांग्रेस ने साधा निशाना

 बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष के काफिले पर सियासत तेज, कांग्रेस ने साधा निशाना

पीएम मोदी की सादगी वाली अपील के बावजूद 36 गाड़ियों से अधिक लंबा काफिला 
 नितिन नवीन के तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे की शुरुआत के साथ ही उनका काफिला राजनीतिक चर्चाओं का केंद्र बन गया है। भाजपा की ओर से पहले यह दावा किया जा रहा था कि पूरा कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सादगी और छोटे काफिले वाली अपील के अनुरूप आयोजित किया जाएगा, लेकिन जौलीग्रांट एयरपोर्ट से निकलते ही राष्ट्रीय अध्यक्ष का लंबा काफिला चर्चा में आ गया।
बताया जा रहा है कि नितिन नवीन के स्वागत और सुरक्षा में 35 से अधिक वाहन शामिल थे। काफिले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई वरिष्ठ नेताओं और भाजपा पदाधिकारियों की गाड़ियां भी मौजूद थीं। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एयरपोर्ट पहुंचकर उनका स्वागत करते नजर आए।
इसी मुद्दे को लेकर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता गरिमा दसौनी ने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में बड़ा अंतर दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि एक ओर आम जनता से पेट्रोल बचाने और सादगी अपनाने की अपील की जाती है, जबकि दूसरी ओर नेताओं के लंबे-चौड़े काफिले निकाले जाते हैं।
गरिमा दसौनी ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि प्रधानमंत्री की अपील को गंभीरता से लिया गया होता तो नेताओं और पदाधिकारियों को सीमित संख्या में वाहन रखने के निर्देश पहले से दिए जाने चाहिए थे। उन्होंने कहा कि आम जनता अब यह पूछ रही है कि क्या सादगी और ईंधन बचत के नियम केवल जनता के लिए ही हैं।
हालांकि इस पूरे मामले पर भाजपा की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन विपक्ष लगातार इसे मुद्दा बनाकर सरकार और संगठन को घेरने में जुटा हुआ है।
गौरतलब है कि नितिन नवीन अपने तीन दिवसीय दौरे के दौरान गंगा आरती में शामिल होंगे और साधु-संतों के साथ संवाद भी करेंगे। इसके अलावा वे सरकार और संगठन के कार्यों की समीक्षा को लेकर विभिन्न बैठकों में भाग लेंगे।
RELATED ARTICLES

Most Popular