डालनवाला पुलिस ने चोरी गई रिवाल्वर,
10 जिंदा कारतूस बरामद किए,
नशे की लत पूरी करने के लिए दिया था वारदात को अंजाम
देहरादून: राजधानी देहरादून के डालनवाला क्षेत्र में घर से लाइसेंसी रिवाल्वर, कारतूस और नकदी चोरी करने की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई लाइसेंसी रिवाल्वर और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरतें पूरी करने के लिए उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी के खिलाफ पहले से ही चोरी समेत विभिन्न धाराओं में 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई को इंदर रोड, डालनवाला निवासी शैलेन्द्र सिंह त्यागी ने कोतवाली डालनवाला में शिकायत दर्ज कराई कि वह निजी कार्य से घर से बाहर गए हुए थे। 23 जुलाई को लौटने पर उन्होंने देखा कि घर की अलमारी का सेफ टूटा हुआ था। सेफ में रखी उनकी लाइसेंसी रिवाल्वर, कारतूस और नकदी गायब थी। शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली डालनवाला पुलिस ने विशेष टीम गठित की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के लिए लगातार पड़ताल की।
जांच के दौरान 24 जुलाई को पुलिस टीम बलबीर रोड स्थित पानी की टंकी के पास रैन बसेरा क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोहिनी रोड की ओर से नदी किनारे बने रास्ते पर एक संदिग्ध युवक आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह अचानक पीछे मुड़कर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम हसनैन उर्फ राजा बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से चोरी की गई लाइसेंसी रिवाल्वर और 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने इंदर रोड स्थित घर में चोरी की थी।
कोतवाली डालनवाला प्रभारी नरेंद्र गहलावत ने बताया कि आरोपी नशे का आदी है। चोरी में मिली नकदी वह नशे में खर्च कर चुका था, जबकि रिवाल्वर और कारतूस उसने लोगों को डराने-धमकाने के उद्देश्य से अपने पास रखे हुए थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी किसी अन्य चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था, तभी उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी हसनैन उर्फ राजा के खिलाफ पहले से ही चोरी और अन्य आपराधिक मामलों में 10 मुकदमे दर्ज हैं और वह पूर्व में कई बार जेल भी जा चुका है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह भी पता लगा रही है कि उसका अन्य चोरी की घटनाओं से कोई संबंध है या नहीं। साथ ही उसके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

