HomeCrimeदून हॉस्पिटल के सामने फायरिंग की घटना का पुलिस ने किया खुलासा,...

दून हॉस्पिटल के सामने फायरिंग की घटना का पुलिस ने किया खुलासा, मुठभेड़ में दो बदमाश घायल, तीन गिरफ्तार

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अजय सिंह की सख्त कानून व्यवस्था और सक्रिय पुलिसिंग के आगे अपराधियों ने आखिरकार घुटने टेक दिए। दून हॉस्पिटल के सामने युवक पर गोली चलाने की सनसनीखेज वारदात का दून पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश गोली लगने से घायल हुए, जबकि उनका एक तीसरा साथी कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस, एसओजी और डोईवाला थाना टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कुल तीन अभियुक्तों को दबोच लिया। इससे पहले पुलिस इस मामले में दो अन्य आरोपियों को पहले ही जेल भेज चुकी है। इस तरह अब तक इस फायरिंग कांड से जुड़े पांच अपराधी सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त सोहेल खान (25), सानू (23) और जावेद (30) ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने अपने साथियों काव्यांश धामा, रोहन और विशाल के कहने पर दून हॉस्पिटल के पास दिशांत नामक युवक को गोली मारी थी। काव्यांश और दिशांत के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके चलते यह हमला करवाया गया।
22 अक्टूबर की रात पुलिस को कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि सफेद स्कूटी पर सवार तीन संदिग्ध छिद्दरवाला से लालतप्पड़ की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस को देखते ही तीनों संदिग्ध स्कूटी मोड़कर भागने लगे और जंगल की ओर घुस गए।
पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी। मौके से दो तमंचे, चार जिंदा कारतूस, दो खोखे और एक अवैध चाकू बरामद हुआ।
घायल बदमाशों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि तीसरे आरोपी जावेद को पुलिस ने तड़के सुबह कांबिंग के दौरान डोईवाला क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
आरोपियों के पास से 2 तमंचे 315 बोर, 4 जिंदा व 2 खोखा कारतूस, 1 अवैध चाकू व घटना में प्रयुक्त स्कूटी यूपी 11 बीएस 2479 बरामद की गई है।
इस कार्रवाई में डोईवाला थाना पुलिस, कोतवाली नगर पुलिस और एसओजी टीम देहरादून की संयुक्त टीम शामिल रही।
एसएसपी देहरादून ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा शहर में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular