HomeDehradunआईएसबीटी क्षेत्र में अतिक्रमण और अवैध कब्जों पर प्रशासन सख्त, सर्वे पूरा;...

आईएसबीटी क्षेत्र में अतिक्रमण और अवैध कब्जों पर प्रशासन सख्त, सर्वे पूरा; जल्द होगी कार्रवाई

देहरादून, राजधानी देहरादून के आईएसबीटी क्षेत्र में अतिक्रमण और अवैध कब्जों के मामले में जिला प्रशासन ने कार्रवाई की तैयारी तेज कर दी है। क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रूप से रह रहे लोगों को लेकर प्रशासन ने सर्वे और एनरोलमेंट की प्रक्रिया पूरी कर ली है। अब शासन के निर्देशों के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि आईएसबीटी क्षेत्र के नीचे रह रहे लोगों के संबंध में शासन स्तर से भी स्पष्ट दिशा-निर्देश प्राप्त हुए हैं। प्रशासन इस पूरे मामले की लगातार समीक्षा कर रहा है और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
डीएम ने कहा कि किसी भी कार्रवाई से पहले क्षेत्र की वास्तविक स्थिति का आकलन किया गया है। इसके लिए संबंधित लोगों का सर्वे किया गया और उनका एनरोलमेंट कराया गया, ताकि सभी तथ्यों की जांच के बाद नियमानुसार कदम उठाए जा सकें।
उन्होंने बताया कि संबंधित उप जिलाधिकारी को इस मामले में आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं। प्रशासनिक स्तर पर पूरी तैयारी की जा रही है और जल्द ही शासन के निर्देशों के अनुसार जमीनी स्तर पर कार्रवाई दिखाई देगी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण और अवैध कब्जे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे। शहर में यातायात व्यवस्था, जनसुविधाओं और सार्वजनिक भूमि की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य व्यवस्था को बेहतर बनाना है। कार्रवाई के दौरान सभी जरूरी मानकों और नियमों का पालन किया जाएगा।
आईएसबीटी क्षेत्र राजधानी का महत्वपूर्ण यातायात केंद्र है, जहां रोजाना हजारों यात्रियों की आवाजाही रहती है। ऐसे में क्षेत्र में अतिक्रमण हटने से यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सार्वजनिक सुविधाओं को सुचारु करने में मदद मिलेगी।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular