HomeCrimeबैरागीवाला हत्याकांड का फरार आरोपी हरिद्वार से गिरफ्तार

बैरागीवाला हत्याकांड का फरार आरोपी हरिद्वार से गिरफ्तार

खेत में पानी चलाने को लेकर हुए विवाद में हुई थी युवक की हत्या,

अब तक 10 आरोपी गिरफ्तार

देहरादून, एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में दून पुलिस को बैरागीवाला हत्याकांड में एक और बड़ी सफलता मिली है। सहसपुर कोतवाली पुलिस ने मामले में फरार चल रहे आरोपी यूनुस पुत्र स्व. महबूब निवासी बैरागीवाला को हरिद्वार के बुग्गावाला क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस पहले ही मुख्य आरोपी सहित नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। ताजा गिरफ्तारी के बाद इस प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर दस हो गई है।

पुलिस के अनुसार 13 जून 2026 की शाम सहसपुर क्षेत्र के ग्राम बैरागीवाला में खेत में पानी चलाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष के 30-40 लोगों ने दूसरे पक्ष के अशोक कुमार, विनोद कुमार और राजेश कुमार पर हमला कर दिया। तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें ग्रामीण उपचार के लिए लेहमन अस्पताल ले गए। उपचार के दौरान विनोद कुमार की मौत हो गई।

जांच में सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था और घटना से पहले दो-तीन दिनों से खेत में पानी छोड़ने को लेकर कहासुनी हो रही थी। मृतक के भाई अशोक कुमार की तहरीर पर सहसपुर कोतवाली में मुकदमा संख्या 134/2026 के तहत धारा 103, 109, 191(2) और 3(5) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई थीं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रज्जाक, सलमान, जावेद, शहबाज, इम्तियाज, इंतजार, अमन, सावेज और आजम को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस का भी सहारा लिया। लगातार दबिश के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपी यूनुस हरिद्वार के बुग्गावाला क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में प्रकाश में आए अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अशोक कुमार, हेड कांस्टेबल त्रेपन सिंह, कांस्टेबल बृजपाल सिंह, कुलदीप और एसओजी देहात के कांस्टेबल जितेंद्र कुमार शामिल रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular