HomeDehradunशराब के नशे में अधिकारी से बदसलूकी करने वाले आउटसोर्स कर्मी की...

शराब के नशे में अधिकारी से बदसलूकी करने वाले आउटसोर्स कर्मी की सेवा समाप्त

सहायक नगर आयुक्त के कक्ष में पहुंचकर किया अभद्र व्यवहार,

नगर आयुक्त के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई,

देहरादून: नगर निगम प्रशासन ने कार्यालय परिसर में अनुशासनहीनता और अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार के मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए एक आउटसोर्स कर्मी की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं। यह कार्रवाई नगर आयुक्त के अनुमोदन के बाद की गई। जानकारी के अनुसार आउटसोर्सिंग एजेंसी आर.के. एसोसिएशन के माध्यम से कार्यरत कर्मचारी उपेन्द्र थापा मूल रूप से रिकॉर्ड रूम में तैनात था। हाल ही में उसकी ड्यूटी एसआईआर (SIR) कार्य में लगाई गई थी। निगम प्रशासन के अनुसार उसके खिलाफ पहले से ही बिना सूचना ड्यूटी से अनुपस्थित रहने और कार्य में लापरवाही बरतने की शिकायतें मिल रही थीं।

बताया गया कि मंगलवार को उपेन्द्र थापा कथित रूप से शराब के नशे में सहायक नगर आयुक्त के कार्यालय कक्ष में पहुंच गया और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। इस दौरान उसके आचरण से शासकीय कार्य में भी बाधा उत्पन्न हुई। घटना की जानकारी मिलते ही मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया। नगर आयुक्त ने अधिकारियों के साथ इस तरह के अमर्यादित व्यवहार को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए संबंधित कर्मी को तत्काल प्रभाव से सेवा से हटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।

नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कार्यालयों में अनुशासन, कार्य संस्कृति और अधिकारियों-कर्मचारियों की गरिमा सर्वोपरि है। किसी भी कर्मचारी द्वारा शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने, अनुशासनहीनता करने या अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने यह भी दोहराया कि कार्यालय परिसर में अनुशासित और जिम्मेदार कार्य वातावरण बनाए रखने के लिए भविष्य में भी ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular