- 7 जुलाई तक चलेगा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान, नागरिकों से सहयोग की अपील
- बीएलओ को उपलब्ध कराएं नवीन पासपोर्ट फोटो और सही मोबाइल नंबर
मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान ने जनपद में गति पकड़ ली है। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण और संकलन कर रहे हैं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
जनपद के सभी 1882 मतदेय स्थलों पर अभियान युद्धस्तर पर संचालित किया जा रहा है। विधानसभा क्षेत्र चकराता में 237, विकासनगर में 142, सहसपुर में 212, धर्मपुर में 236, रायपुर में 214, राजपुर रोड में 141, देहरादून कैंट में 152, मसूरी में 179, डोईवाला में 191 तथा ऋषिकेश में 179 मतदेय स्थलों पर बीएलओ सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।
निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार अभियान के दूसरे दिन अपराह्न तक जनपद की 10 विधानसभा क्षेत्रों में 1,33,113 गणना प्रपत्रों का वितरण किया जा चुका है।
अभियान के तहत शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ दूरस्थ और दुर्गम गांवों में भी बीएलओ पहुंचकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध करा रहे हैं। ऋषिकेश नगर निगम के महापौर को तहसीलदार ऋषिकेश द्वारा गणना प्रपत्र सौंपा गया, जबकि तहसीलदार विकासनगर ने कारबारी ग्रांट क्षेत्र में घर-घर जाकर वितरण कार्य का निरीक्षण किया।
बिजून जैसे सुदूर गांवों में भी मतदाताओं को प्रपत्र उपलब्ध कराए गए। जिन घरों में लोग अनुपस्थित मिले, वहां बीएलओ द्वारा सूचना संबंधी स्टीकर चस्पा किए गए हैं, जिनमें अगली विजिट की जानकारी दी गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष चौहान एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह lने जनपदवासियों से अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है और इसकी शुद्धता सुनिश्चित करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
अधिकारियों ने नागरिकों से अनुरोध किया कि वे बीएलओ को आवश्यक सहयोग दें तथा गणना प्रपत्र समय पर भरकर जमा करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि उत्तराखंड के मतदाता वर्ष 2003 की मतदाता सूची में अपना अथवा अपने माता-पिता या दादा-दादी का नाम मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर खोज सकते हैं। इसके अलावा निर्वाचन आयोग के पोर्टल और क्यूआर कोड के माध्यम से भी आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
जो मतदाता दिन के समय घर पर उपलब्ध नहीं रहते, वे ईसीआई नेट एप या ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा का उपयोग कर अपने बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी नवीन रंगीन पासपोर्ट आकार की फोटो तैयार रखें तथा गणना प्रपत्र में अपना अद्यतन मोबाइल नंबर अवश्य दर्ज करें। इससे मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता छूटे नहीं के लक्ष्य के साथ जिला प्रशासन और निर्वाचन विभाग का यह अभियान जनपद के प्रत्येक घर तक पहुंच रहा है।

