पिता की पुलिस वर्दी और पी-कैप रखकर घूम रहा था युवक, नशे में गाड़ी चलाते गिरफ्तार
मसूरी। चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए देहरादून पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत मसूरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली मसूरी पुलिस ने नशे की हालत में वाहन चला रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो अपने वाहन में उत्तर प्रदेश पुलिस की वर्दी और पी-कैप रखकर रौब झाड़ रहा था। पुलिस ने आरोपी की कार को सीज कर दिया है।
लाइब्रेरी चौक पर चेकिंग के दौरान पकड़ा गया युवक
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर मसूरी क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान लाइब्रेरी चौक पर पुलिस टीम ने एक संदिग्ध Maruti Suzuki WagonR संख्या यूपी 15 डीज़ेड 2906 को आते देखा। वाहन के डैशबोर्ड पर उत्तर प्रदेश पुलिस की पी-कैप रखी हुई थी, जबकि पीछे के दरवाजे पर हैंगर में उत्तर प्रदेश पुलिस के उपनिरीक्षक की वर्दी टंगी हुई दिखाई दी। शक होने पर पुलिस ने वाहन को रोककर जांच की।
टोल और पार्किंग शुल्क से बचने के लिए रखी थी वर्दी
वाहन चालक ने अपना नाम विनय सिंह निवासी मेरठ, उत्तर प्रदेश बताया। जांच के दौरान युवक नशे की हालत में वाहन चलाता मिला। कार में उसके तीन अन्य साथी भी मौजूद थे। पुलिस पूछताछ में युवक ने बताया कि उसके पिता उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात हैं। उसने स्वीकार किया कि टोल टैक्स, पार्किंग शुल्क और अन्य स्थानों पर पुलिस विभाग से जुड़े होने का फायदा उठाने के लिए उसने अपने पिता की सरकारी वर्दी और पी-कैप वाहन में रखी थी।
ड्रिंक एंड ड्राइव में गिरफ्तारी, वाहन सीज
पुलिस ने युवक के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे ड्रिंक एंड ड्राइव और यातायात नियमों के उल्लंघन के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। साथ ही संबंधित वाहन को भी सीज कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सरकारी वर्दी और पहचान का गलत इस्तेमाल किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ब्लैक फिल्म और नो पार्किंग पर भी चला अभियान
“ऑपरेशन प्रहार” के दौरान मसूरी पुलिस ने ब्लैक फिल्म लगाकर वाहन चला रहे चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की। कई वाहनों से मौके पर ही ब्लैक फिल्म हटवाई गई और चालान किए गए। इसके अलावा सड़क किनारे अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों पर भी कार्रवाई करते हुए चालान किए गए। वाहन चालकों को भविष्य में केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने के निर्देश दिए गए।
चारधाम यात्रा सीजन में बढ़ाई गई सख्ती
पुलिस का कहना है कि चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के चलते मसूरी क्षेत्र में यातायात दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में आमजन की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। देहरादून पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं और अपने वाहन निर्धारित स्थानों पर ही पार्क करें।
कोतवाली मसूरी द्वारा की गई कार्रवाई का विवरण
कुल कार्रवाई
- कुल चालान – 98
यातायात और पार्किंग कार्रवाई
- नो पार्किंग में न्यायालय चालान – 67
- ब्लैक फिल्म चालान – 1
- संयोजन शुल्क – ₹500
- खतरनाक तरीके से वाहन चलाने पर चालान – 5
- नकद जुर्माना – ₹5000
वाहन सीज
- 1 कार सीज – ड्रिंक एंड ड्राइव
- 3 दोपहिया वाहन सीज
अन्य चालान
- यातायात नियम उल्लंघन में चालान – 21
- नकद जुर्माना – ₹12,500
पुलिस की चेतावनी- नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
मसूरी पुलिस ने साफ किया है कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने कहा कि कानून और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।


