मुख्यमंत्री धामी बोले- उच्च हिमालयी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए सरकार निरंतर प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को श्री केदारनाथ धाम में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) अस्पताल का विधिवत लोकार्पण किया। “देवभूमि के शिखर पर स्वास्थ्य का नया अध्याय” की भावना के साथ संचालित होने वाला यह अस्पताल स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन सोसाइटी द्वारा संचालित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार केदारनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले इस उच्च हिमालयी क्षेत्र में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त अस्पताल का संचालन स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देगा। इससे यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को भी लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन द्वारा केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। यात्रा मार्ग पर चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, स्वास्थ्य जांच केंद्रों, ऑक्सीजन सुविधाओं और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “स्वस्थ उत्तराखंड, समृद्ध उत्तराखंड” के संकल्प को साकार करने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुधार की दिशा में निरंतर कार्यरत है। मुख्यमंत्री ने बताया कि आयुष्मान योजना के तहत अब तक प्रदेश में लगभग 61 लाख आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से लाखों मरीजों को निशुल्क उपचार मिल रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक जनपद में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में भी तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने बाबा केदार के दर्शन और पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
कार्यक्रम में विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि यह अस्पताल सेवा, समर्पण और जनकल्याण का उत्कृष्ट उदाहरण है, जो भविष्य में लाखों श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर संजय खन्ना, डॉ. कृष्ण गोपाल, सुरेश सोनी, दिनेश चंद्र, हेमंत द्विवेदी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।


