HomeDehradunदिवंगत पत्रकार राजीव प्रताप की मौत की सीबीआई जांच की मांग

दिवंगत पत्रकार राजीव प्रताप की मौत की सीबीआई जांच की मांग

उत्तरकाशी के पत्रकार एवं यूट्यूबर राजीव प्रताप सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने प्रदेशभर में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों द्वारा हत्या की आशंका जताए जाने के बाद अब इस मामले की सीबीआई जांच की मांग उठने लगी है।
इसी क्रम में उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार को दिवंगत पत्रकार के परिजनों की इच्छा अनुसार मामले की सीबीआई जांच करानी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
श्री धस्माना ने कहा कि राजीव प्रताप एक निडर, ईमानदार और खोजी पत्रकार थे, जो लगातार सिस्टम की खामियों, सरकारी अस्पतालों की बदहाल स्थिति, डॉक्टरों और स्टाफ की लापरवाही और आम जनता की परेशानियों को उजागर करते रहते थे।
उन्होंने कहा कि राजीव की पत्नी ने स्वयं बताया है कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं कि वे अपनी रिपोर्ट डिलीट करें और आगे रिपोर्टिंग न करें। इस मानसिक दबाव के चलते वे बीते कुछ दिनों से बेहद तनाव में थे। सूर्यकांत धस्माना ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा देश में यह खतरनाक चलन मोदी युग में शुरू हुआ है कि जो भी जन विरोधी नीतियों और भ्रष्टाचार के खिलाफ लिखेगा, बोलेगा, उसे धमकाया जाएगा, और अगर वह नहीं रुका तो उसे पूरी तरह चुप करा दिया जाएगा। शायद उत्तराखंड में यही हश्र राजीव का भी हुआ।
कांग्रेस नेता ने साफ कहा कि अगर सरकार और पुलिस इस मामले की निष्पक्ष जांच में कोताही बरतती है और सच्चाई को दबाने की कोशिश होती है, तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी।
उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार से मांग की कि इस संवेदनशील मामले में निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराना लोकतंत्र और पत्रकारिता के सम्मान की रक्षा के लिए आवश्यक है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular