मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में बिल लाओ–इनाम पाओ योजना के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए। एक सितंबर 2022 से 31 मार्च 2024 तक संचालित इस योजना में कुल 1888 उपभोक्ताओं ने पुरस्कृत होकर राज्य के राजस्व संग्रह में जनभागीदारी का नया अध्याय जोड़ा।
मुख्यमंत्री धामी ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि इस योजना ने राजस्व संग्रहण को नई दृष्टि, चेतना और ऊर्जा प्रदान की है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में शुरू की गई यह योजना राज्य सरकार का एक अभिनव प्रयास था, जिसने उपभोक्ताओं और व्यापारियों के बीच बिल लेने और देने की जागरूकता को मजबूत किया है। लोगों में यह समझ बनी है कि हर बिल प्रदेश के विकास में योगदान है। उन्होंने कहा कि योजना उपभोक्ता जागरूकता के साथ-साथ साझा जिम्मेदारी का सशक्त माध्यम बनकर उभरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में व्यापार, उद्यम और क्रिएटिविटी के लिए सकारात्मक माहौल बना है। डबल इंजन सरकार के कार्यकाल में व्यापारियों को प्रोत्साहन, लाभ और सुरक्षा तीनों का संतुलित वातावरण मिला है। राज्य सरकार भी ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और व्यापार सुधार कार्य योजना के माध्यम से निवेश और उद्यमिता को बढ़ावा दे रही है।
वित्तीय प्रबंधन पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने राज्य में राजकोषीय अनुशासन को मजबूत बनाया है। इसी का परिणाम है कि राज्य निर्धारित सीमा के भीतर राजकोषीय घाटे को नियंत्रित करने में सफल रहा है। अरुण जेटली नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फाइनेंशियल मैनेजमेंट’ की रिपोर्ट में उत्तराखंड को देश के सर्वश्रेष्ठ वित्तीय प्रबंधन वाले राज्यों में स्थान मिला है। वहीं सतत विकास लक्ष्यों के राष्ट्रीय सूचकांक में भी उत्तराखंड देश में शीर्ष स्थान पर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता और सरकार के बीच भरोसा विकास की गति को कई गुना बढ़ा देता है। उन्होंने सभी नागरिकों से खरीददारी पर बिल अवश्य लेने की अपील की, ताकि लेनदेन अधिक पारदर्शी हो और राज्य के विकास में सभी की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम के दौरान प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु ने बताया कि 90 हजार उपभोक्ताओं ने 270 करोड़ रुपये मूल्य के 6.5 लाख बिल अपलोड कर योजना में भाग लिया। आयुक्त कर सोनिका ने कहा कि कुल 1888 पुरस्कार वितरित किए गए तथा 17 महीनों तक 1500 उपभोक्ताओं को मासिक पुरस्कार भी दिए गए।
कार्यक्रम में विधायक सरिता कपूर, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आयुक्त कर सोनिका, अपर आयुक्त अनिल सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


