नियमितीकरण और समान कार्य के लिए समान वेतन की मांग को लेकर पिछले चार दिनों से परेड ग्राउंड में धरने पर बैठे उपनल कर्मचारियों के आंदोलन को गुरुवार को कांग्रेस नेताओं ने समर्थन दिया। पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. हरक सिंह रावत तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना परेड मैदान पहुंचे और कर्मचारियों की मांगों का समर्थन किया।
कर्मचारियों को संबोधित करते हुए डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि सैनिक कल्याण मंत्री रहते हुए उन्होंने उपनल कर्मचारियों के नियमितीकरण और समान कार्य के लिए समान वेतन देने का प्रस्ताव कैबिनेट में रखा था, जिसके लिए समिति भी बनाई गई थी, लेकिन दुर्भाग्य से उस पर निर्णय नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि अब जबकि उच्चतम न्यायालय उपनल कर्मचारियों के पक्ष में निर्णय दे चुका है, सरकार को हठधर्मिता छोड़ न्यायालय के निर्णय का सम्मान करना चाहिए।
वहीं, सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि भाजपा सरकार ने उपनल कर्मचारियों को बार-बार झूठे आश्वासन देकर ठगा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में कैबिनेट में उपनल के मुद्दे पर चर्चा कर उपसमिति बनाने की घोषणा की गई, लेकिन यह भी कर्मचारियों को गुमराह करने का प्रयास है। जब उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय दोनों ही उपनल कर्मचारियों के पक्ष में फैसला दे चुके हैं, तब सरकार को टालमटोल नहीं करनी चाहिए।
धस्माना ने कहा कि अगर सरकार ने इस बार भी उपनल कर्मचारियों के साथ न्याय नहीं किया, तो कांग्रेस की सरकार बनते ही कर्मचारियों को समान कार्य के लिए समान वेतन और नियमितीकरण दिया जाएगा।
इस अवसर पर डॉ. हरक सिंह रावत और सूर्यकांत धस्माना के साथ पार्टी की मुख्य प्रवक्ता गरिमा दसौनी, प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट, पंकज क्षेत्री, विजय चौहान और आनंद सिंह पुंडीर सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।


